Rajasthan: अमृत महोत्सव कार्यक्रम के दौरान विधानसभा में गूंजा राम मंदिर दान चोरी का मामला
- byShiv
- 16 Jul, 2026
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान विधानसभा के 75 साल पूरे होने पर एक विशेष कार्यक्रम अमृत महोत्सव का आयोजन विधानसभा में किया गया जिसमें कई पूर्व विधायक, पूर्व मंत्री, मुख्यमंत्री, उपराष्ट्रपति, लोकसभा स्पीकर भी शामिल हुए। इस मौके पर सबने अपने अपने विचार रखें। इस बीच देश में चर्चित राम मंदिर चंदा चोरी का मामला भी गूंजा। राम मंदिर का मुद्दा उठते ही माहौल गरमा गया, कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक और बूंदी से विधायक हरिमोहन शर्मा ने राम मंदिर ट्रस्ट को सूचना का अधिकार कानून के दायरे से बाहर रखने पर सवाल उठाया, जिसके बाद सदन में बीजेपी सदस्यों ने जोरदार विरोध किया।
कांग्रेस ने उठाया मुद्दा
मीडिया रिपोटर्स की माने तो हरिमोहन शर्मा ने कहा कि आरटीआई कानून के अनुसार जिस भी निजी संस्था को सरकार की ओर से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से मदद मिलती है, उसे आरटीआई के दायरे में आना चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने अयोध्या में करीब 67 एकड़ जमीन अधिग्रहित कर राम मंदिर ट्रस्ट को दी है। इसके बावजूद ट्रस्ट को आरटीआई के दायरे से बाहर रखा गया है।
भाजपा नेता ने जताई आपत्ति
खबरों की माने तो इस मुद्दे पर बीजेपी के राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने सबसे पहले आपत्ति जताई। इसके बाद आधा दर्जन से ज्यादा बीजेपी विधायक अपनी-अपनी सीटों से खड़े हो गए और कांग्रेस विधायक के बयान का विरोध करने लगे, कुछ देर तक सदन का माहौल गर्म रहा।
pc- etv bharat





