Rajasthan: नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल, सीएम से की ये मांग
- byShiv
- 07 Sep, 2026
इंटरनेट डेस्क। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने एक बार फिर से प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भजनलाल सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने मालाखेड़ा-लक्ष्मणगढ़ रोड पर अहीर का तिबारा के पास हुए सड़क हादसे को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस नेता जूली ने इस संबंध में एक्स के माध्यम से कहा कि मालाखेड़ा-लक्ष्मणगढ़ रोड पर अहीर का तिबारा के पास हुए सड़क हादसे में राम सिंह सैनी जी एवं करण सिंह यादव की मौके पर ही मौत का समाचार अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक है।
जूली ने कहा कि ग्रामीण मृतकों के शवों के साथ सड़क पर धरने पर बैठे हैं और हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं, लेकिन छह घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस और प्रशासन अज्ञात वाहन का सुराग नहीं लगा पाए हैं। यह घोर लापरवाही और प्रशासनिक निकम्मेपन की पराकाष्ठा है।
टीकाराम जूली ने कहा कि अलवर में आए दिन बढ़ती आपराधिक घटनाओं और बेलगाम अव्यवस्था ने जनता का जीना बेहाल कर दिया है। आज मुख्यमंत्री जी अलवर दौरे पर हैं। मेरा उनसे आग्रह है कि चुनाव प्रचार छोड़कर पहले कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन की आपात बैठक लें। आखिर और कितनी जानें जाने के बाद सरकार की नींद खुलेगी? आखिर कब तक अलवर की जनता आपके कुशासन की कीमत चुकाती रहेगी? सरकार से मेरी मांग है कि ग्रामीणों से वार्ता कर उनकी मांगों को तत्काल सुना जाए, अज्ञात वाहन का पता लगाकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा मृतकों के आश्रित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।
pc- danik bhaskar






