Rajasthan: आज खुलेगी पंचायत चुनावों के लिए लॉटरी, 2 दिनों में पूरी होगी प्रक्रिया, जिला परिषद, प्रधान, पंच, सरंपचों के लिए होगा फैसला
- byShiv
- 23 Sep, 2026
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में नगर निकाय के चुनाव संपन्न हो जाने के बाद अब आगामी पंचायती राज आम चुनाव की तैयारियां शुरू हो चुकी है। जयपुर जिले में पंचायती राज संस्थाओं के विभिन्न पदों के लिए आरक्षण एवं श्रेणीवार आवंटन की प्रक्रिया 23 और 24 सितंबर को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरी की जाएगी। जिला स्तर पर जिला परिषद सदस्यों, पंचायत समितियों के प्रधान और पंचायत समितियों के सदस्यों के पदों के आरक्षण की लॉटरी बुधवार यानी के आज निकाली जाएगी।
जानकारी के अनुसार प्रक्रिया जयपुर कलेक्ट्रेट स्थित जिला कलेक्टर कार्यालय सभागार में सुबह 10.15 बजे से शुरू होगी। आरक्षण की यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह तस्वीर साफ हो जाएगी कि जिला परिषद और पंचायत समितियों के कौन-कौन से पद किस वर्ग के लिए आरक्षित होंगे।
जिला कलक्टर (पंचायत) जयपुर संदेश नायक के अनुसार पंचायती राज आम चुनाव के लिए संस्थाओं के पदों के आरक्षण और श्रेणीवार आवंटन की प्रक्रिया निर्धारित दिशा-निर्देशों के तहत की जा रही है। जिला परिषद के सदस्यों के साथ जयपुर जिले की सभी पंचायत समितियों के प्रधान और पंचायत समितियों के सदस्य पदों का आरक्षण एवं आवंटन जिला स्तर पर किया जाएगा।
24 सितंबर को ग्राम पंचायत स्तर के पदों की आरक्षण लॉटरी
जिला स्तर की प्रक्रिया के बाद 24 सितंबर को ग्राम पंचायत स्तर के पदों की आरक्षण लॉटरी होगी। जयपुर जिले की सभी ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच के पदों के लिए आरक्षण एवं श्रेणीवार आवंटन संबंधित उपखंड अधिकारी मुख्यालय पर किया जाएगा। इसके लिए सभी संबंधित उपखंड अधिकारियों को विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
pc-danik bhaskar






