Rajasthan: आज जयपुर आ रही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, कई कार्यक्रमों में होगी शामिल, सुरक्षा के किए गए कड़े इंतजाम
- byShiv
- 16 Jan, 2026
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान की राजधानी जयपुर में आज देश की प्रथम नागरिक, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आ रही है। जयपुर के नींदड़ में चल रहे भव्य 1008 कुण्डीय हनुमत महायज्ञ और जगदगुरु रामभद्राचार्य के जन्मदिन में शामिल होगी। इस दौरे को लेकर गुलाबी नगरी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
आज 16 जनवरी को जगदगुरु रामभद्राचार्य का जन्मदिन भी है। इस खास अवसर पर राष्ट्रपति मुर्मू विशेष रूप से उनका आशीर्वाद लेने और नींदड़ में चल रहे राम कथा महोत्सव में शामिल होने आ रही हैं। राष्ट्रपति जगदगुरु के सानिध्य में चल रही रामकथा का श्रवण करेंगी। नींदड़ में आयोजित 1008 श्री हनुमत महायज्ञ में भी राष्ट्रपति की गरिमामय उपस्थिति रहेगी। प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी इस मौके पर मौजूद रहेंगे।
राष्ट्रपति का यह दौरा संक्षिप्त लेकिन बेहद महत्वपूर्ण है, सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया है। राष्ट्रपति मुर्मू दोपहर 1 बजे के बाद जयपुर पहुंचेंगी। एयरपोर्ट से वे नींदड़ में रामभद्राचार्य से मुलाकात करेंगी और कथा में शिरकत करेंगी। शाम करीब 5.00 बजे राष्ट्रपति का जयपुर से वापस दिल्ली लौटने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
pc- samacharline.com






