Rajasthan: पंचायत चुनावों का तीसरा चरण, पंच, सरपंचों के लिए हो रही वोटिंग, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

इंटरनेट डेस्क। पंचायतीराज आम चुनाव के तीसरे चरण में आज पंच सरपंचों के लिए मतदान हो रहा है। प्रातः 7 बजे से शुरू हुआ मतदान सायं 6 बजे तक जारी रहेगा।  जयपुर जिले में सरपंच पद के इस चरण में 856 अभ्यर्थियों की किस्मत दांव पर लगी है। सुबह से ही मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की लाइन लग गई है। आज ही देर रात तक परिणाम घोषित किया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ( पंचायत) संदेश नायक ने बताया कि सरपंच पद के लिए कुल 1,191 नामांकन पत्र दाखिल किए गए, जिनमें से 1,190 वैध पाए गए। नाम वापसी के बाद 334 अभ्यर्थियों ने अपने नाम वापस ले लिए। इस चरण में किसी भी ग्राम पंचायत में सरपंच पद पर निर्विरोध निर्वाचन नहीं हुआ है।

संदेश नायक ने बताया कि क्षेत्रवार स्थिति के अनुसार चाकसू की 32 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 211 अभ्यर्थी, कोटखावदा की 27 ग्राम पंचायतों में 174 अभ्यर्थी, माधोराजपुरा की 25 ग्राम पंचायतों में 167 अभ्यर्थी, फागी की 26 ग्राम पंचायतों में 154 अभ्यर्थी तथा सांगानेर की 23 ग्राम पंचायतों में 150 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं।

pc- amar ujala