Rajasthan: टीकाराम जूली का सीएम शर्मा पर निशाना, मुख्यमंत्री जी, क्या राजस्थान में भाजपा नेताओं के लिए कानून और नियम अलग से बना दिए गए हैं?

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को निशाने पर लिया है। अब कांग्रेस नेता जूली ने सोशल मीडिया के माध्यम से सवाई माधोपुर में चुनाव ड्यूटी कर रहे पुलिस अधिकारी राजेंद्र मीणा को लेकर बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी, क्या राजस्थान में भाजपा नेताओं के लिए कानून और नियम अलग से बना दिए गए हैं? सवाई माधोपुर में चुनाव ड्यूटी कर रहे पुलिस अधिकारी राजेंद्र मीणा के साथ बदसलूकी, धक्का-मुक्की और राजनीतिक गुंडागर्दी सत्ता के अहंकार की पराकाष्ठा है।

क्या लिखा
मीडिया रिपोटर्स की माने तो उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी, प्रदेश की पुलिस भाजपा की निजी फौज नहीं है। आप भूल रहे हैं कि यह वर्दी किसी सत्ता की गुलाम नहीं, संविधान की प्रहरी है। उसकी निष्ठा संविधान, कानून और जनता के प्रति है। ईमानदारी से ड्यूटी करने वाले अधिकारी के साथ आपकी पार्टी का नेता इस प्रकार धक्का-मुक्की करे, यह किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है। यह सत्ता की खुली तानाशाही, राजनीतिक दबंगई और गुंडागर्दी है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी, सत्ता का नशा इतना मत चढ़ाइए कि वर्दी की गरिमा और कानून की मर्यादा भी आपके राजनीतिक हितों के सामने छोटी पड़ जाए। भाजपा के राजनीतिक रसूख को कानून से ऊपर खड़ा करने की कोशिश मत कीजिए। गांवों में प्रदेश की जनता तैयार बैठी है भाजपा की राजनीतिक दबंगई, तानाशाही और गुंडागर्दी का हिसाब करने के लिए।

pc- abp news