Rajasthan Weather Update: राजस्थान में बिगड़ेगा मौसम का मिजाज! 16 अक्टूबर तक बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट, किसानों के लिए चेतावनी जारी

PC: Zee business

राजस्थान में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) जयपुर के अनुसार, राज्य में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका असर 14 से 16 अक्टूबर के दौरान कई जिलों में दिखाई देगा। इस दौरान बीकानेर और जयपुर संभाग में तेज मेघगर्जन, आंधी और भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है। अचानक आए इस बदलाव से जहां तापमान में गिरावट आएगी और ठंड का अहसास बढ़ेगा, वहीं कटी हुई फसलों को नुकसान पहुंचने की भी आशंका है।

पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम?
पश्चिमी राजस्थान: बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, नागौर और फलौदी में 14 और 15 अक्टूबर को आंधी-बारिश का दौर जारी रहेगा। यहां 30 से 40 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और ओलावृष्टि होने की संभावना है।

पूर्वी राजस्थान: जयपुर और भरतपुर संभाग के जिलों में 14 से 16 अक्टूबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश, बिजली कड़कने और 15 अक्टूबर को जयपुर के ग्रामीण इलाकों में ओले गिरने का अनुमान जताया गया है।

प्रमुख जिलों का हाल
श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़: आज सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। शाम तक तेज हवाओं के साथ बारिश होने की उम्मीद है, जिससे तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

बीकानेर और फलौदी: पश्चिमी विक्षोभ का सबसे ज्यादा असर यहीं देखा जाएगा। 14 और 15 अक्टूबर को ओलावृष्टि और 40 किमी/घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं को लेकर प्रशासन मुस्तैद है।

जयपुर ग्रामीण और दौसा: 15 अक्टूबर को मौसम ज्यादा खराब रहने की आशंका है। बारिश और ओलावृष्टि से उमस भरी गर्मी से तो राहत मिलेगी, लेकिन ग्रामीण इलाकों में सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

किसानों और व्यापारियों के लिए मौसम विभाग की सलाह
बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में फसलें पककर तैयार हैं या कट चुकी हैं। IMD ने किसानों और मंडी व्यापारियों को सलाह दी है कि वे कटी फसलों और खुले में रखे अनाज को तिरपाल से ढके या सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाएं, ताकि आर्थिक नुकसान से बचा जा सके।