Rajya Sabha Elections: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पहुंचे राज्यसभा, 10 राज्यों में 37 सीटों पर हुए चुनाव

इंटरनेट डेस्क। देश के 10 राज्यों में सोमवार को राज्यसभा की 37 सीटों के लिए चुनाव हुए। सात राज्यों असम, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश और तेलंगाना में 26 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए। बाकी 11 सीटों के लिए बिहार, ओडिशा और हरियाणा में वोटिंग की जरूरत पड़ी। इनमें से बिहार में 5, ओडिशा में 4 और हरियाणा में 2 सीटें थीं।

सबसे ज्यादा ध्यान बिहार के राज्यसभा चुनाव ने खींचा, यहां से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, उपेंद्र कुशवाहा, रामनाथ ठाकुर और शिवेश कुमार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के उम्मीदवार के रूप में चुनावी मैदान में थे, वहीं महागठबंधन ने अमरेंद्र धारी सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया था। एनडीए ने बिहार की सभी पांच राज्यसभा सीटों पर जीत हासिल की। उसके सभी 202 विधायकों ने मतदान में हिस्सा लिया, नीतीश कुमार को 44 विधायकों के वोट मिले, जबकि नितिन नवीन को भी 44 विधायकों का समर्थन प्राप्त हुआ।

ओडिशा में बीजू जनता दल और कांग्रेस के कुछ विधायकों की क्रॉस-वोटिंग और राजनीतिक दांव-पेच से भरपूर एक कड़े मुकाबले में बीजेपी ने राज्यसभा की दो सीटें जीतने में सफलता पाई। हरियाणा राज्यसभा चुनाव की मतगणना से पहले, कांग्रेस और भाजपा दोनों ने कुछ विधायकों द्वारा डाले गए मतों की गोपनीयता पर आपत्ति जताई। 

pc- x.com