"अब रुक जाओ व्लादिमीर": यूक्रेन पर हमले को लेकर पुतिन को ट्रंप की सख्त चेतावनी

वॉशिंगटन, 24 अप्रैल 2025 – यूक्रेन में जारी संघर्ष के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को एक कड़ा संदेश भेजा है। ट्रंप ने साफ तौर पर कहा है कि रूस को युद्ध तुरंत रोक देना चाहिए और शांति की ओर लौटना चाहिए, वरना इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं।

संदेश ऐप ‘सिग्नल’ के माध्यम से ट्रंप ने कहा कि यूक्रेन पर रूस के हमले गलत हैं और उन्हें तुरंत बंद किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि केवल एक हफ्ते में 5000 से अधिक सैनिक इस हिंसा से प्रभावित हो चुके हैं। यह बयान उस समय आया है जब ट्रंप और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के बीच मतभेद की खबरें सामने आ रही थीं।

क्रीमिया विवाद बना शांति वार्ता में बाधा

यूक्रेन और रूस के बीच हालिया शांति वार्ता विफल रही है। वार्ता विफल होने का मुख्य कारण क्रीमिया को लेकर चल रहा विवाद है। यूक्रेन का कहना है कि वह क्रीमिया पर अपने दावे से कभी पीछे नहीं हटेगा। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने स्पष्ट किया कि किसी भी दबाव में आकर उनकी सरकार क्रीमिया को छोड़ने वाली नहीं है।

वहीं, ट्रंप ने जेलेंस्की पर शांति वार्ता में रुचि न लेने का आरोप लगाया और कहा कि इसी वजह से स्थिति बिगड़ती जा रही है। लंदन में इस हफ्ते एक बैठक प्रस्तावित थी, लेकिन यूक्रेन के इनकार के कारण वह रद्द हो गई।

रूस की विश्व युद्ध की धमकी

शांति वार्ता विफल होते ही रूस ने बड़ा बयान दिया है। रूस ने चेतावनी दी है कि अगर ब्रिटेन और फ्रांस जैसे देश अपने सैनिक यूक्रेन भेजते हैं, तो इसे तीसरे विश्व युद्ध की शुरुआत माना जाएगा।

रूसी सरकार ने आरोप लगाया है कि यूक्रेन "शांति सैनिकों" के नाम पर यूरोपीय देशों को अपनी ओर खींच रहा है, जिससे वैश्विक संघर्ष की संभावना बढ़ गई है। यह जंग अब चौथे साल में प्रवेश कर चुकी है और यूक्रेन के ओब्लास्ट और सुमी जैसे बड़े शहर तबाह हो चुके हैं।

अब तक दोनों देशों के लगभग तीन लाख सैनिक मारे जा चुके हैं, जबकि 20 लाख से ज्यादा लोग सीधे तौर पर इस युद्ध से प्रभावित हुए हैं।

दुनिया की निगाहें अब पुतिन पर टिकी हैं—क्या वो ट्रंप की चेतावनी को गंभीरता से लेंगे या ये संघर्ष और भी विकराल रूप लेगा?