Tamil Nadu: अन्नामलाई के पार्टी छोड़ने के फैसले से हिला भाजपा आलाकमान, केंद्रीय नेतृत्व ने फोन कर बुलाया एयरपोर्ट से वापस
- byShiv
- 03 Jun, 2026
इंटरनेट डेस्क। तमिलनाडु में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व आईपीएस अधिकारी के. अन्नामलाई के पार्टी छोड़ने के फैसले ने भाजपा को हिला दिया है। बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व ने उनके इस इस्तीफे पर अंतिम फैसला लेने के लिए कुछ समय मांगा है और उन्हें मनाने की कोशिशें की जा रही हैं। सूत्रों के अनुसार, अन्नामलाई ने मंगलवार सुबह बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष से मुलाकात की। इसके बाद दोपहर में उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ एक अलग बैठक की।
क्या कारण बताया जा रहा
मीडिया रिपोटर्स की माने तो बीएल संतोष को राजनीति में अन्नामलाई का गुरु माना जाता है। पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ हुई बैठकों में अन्नामलाई ने बेहद सौहार्दपूर्ण माहौल में बीजेपी छोड़ने की इच्छा जताई। हालांकि, उन्होंने यह विकल्प भी खुला रखा है कि अगर भविष्य में कभी जरूरत पड़ी तो वह पार्टी के साथ मिलकर काम करने के लिए तैयार रहेंगे। इस घटनाक्रम से वाकिफ पार्टी नेताओं ने बताया कि अन्नामलाई जब दिल्ली एयरपोर्ट से चेन्नई के लिए रवाना होने वाले थे, तब केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें फोन करके वापस चर्चा के लिए बुलाया।
भाजपा नहीं चाहती इस्तीफा
खबरों की माने तो बीजेपी आलाकमान चाहता है कि अन्नामलाई पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने के अपने फैसले पर पुनर्विचार करें। द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अन्नामलाई बीजेपी छोड़ने का पूरा मन बना चुके हैं और उनका यह दिल्ली दौरा केवल पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए था। अन्नामलाई ने बीजेपी आलाकमान के सामने दो शर्तें रखी थीं। पहला यह कि या तो उन्हें कम से कम सात साल के लिए पूर्ण स्वायत्तता और अधिकार के साथ फिर से तमिलनाडु बीजेपी का अध्यक्ष बनाया जाए या फिर उन्हें अपनी एक अलग राजनीतिक राह चुनने की अनुमति दी जाए।
pc- news18






