UP: कौशांबी बॉर्डर पर पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, 8 बच्चों समेत 11 लोगों की मौत, आठ मकान हुए क्षतिग्रस्त
- byShiv
- 01 Sep, 2026
इंटरनेट डेस्क। यूपी के प्रयागराज और कौशांबी बॉर्डर पर एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हो गया। इस हादसे में फैक्ट्री के आसपास के घरों में रहने वाले 8 बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो गई। रेलवे कर्मी का पूरा परिवार खत्म हो गया है। घर सिर्फ एक बेटी जिंदा बची। पुलिस के मुताबिक, विस्फोट इतना भीषण था कि पूरी फैक्ट्री जमींदोज हो गई। 100 मीटर के दायरे में बने 8 मकान क्षतिग्रस्त हो गए। दीवारों में 8 फीट लंबे और चौड़े छेद हो गए। 5-6 मकान पूरी तरह ढह गए।
पास ही हैं रेलमार्ग
जानकारी के अनुसार धमाके से करीब 500 मीटर दूर प्रयागराज-कानपुर रेल मार्ग पर (ओवरहेड इलेक्ट्रिक) लाइन प्रभावित हो गई। इसके चलते कानपुर से प्रयागराज की ओर आने वाली ट्रेनों का संचालन करीब डेढ़ घंटे प्रभावित रहा। इंजीनियर्स ने मरम्मत कर लाइन को दोबारा चालू किया। धमाके की आवाज 2 किमी दूर तक सुनाई दी। कुछ ही देर में धुएं का गुबार चारों तरफ छा गया। ग्रामीण झुलसे लोगों को चारपाई पर ले जाते दिखे।
दोपहर में हुआ था हादसा
हादसा दोपहर साढ़े 11 बजे कौशांबी जिले के मोहम्मदपुर गांव में हुआ। यह गांव प्रयागराज बॉर्डर पर है। यहां से मनौरी स्थित एयरफोर्स स्टेशन 2 किमी है। पुलिस, एयरफोर्स, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के 200 जवान रेस्क्यू में जुटे रहे। 10 बुलडोजरों से मलबा हटाया गया हैं। हादसे के वक्त फैक्ट्री में कोई था या नहीं, पता नहीं चल पाया है। एक महिला रानी ने बताया- जिस मकान में धमाका हुआ, उसके ऊपर से बिजली के तार गुजरे हैं। उनमें चिंगारी निकली, इसके बाद फैक्ट्री में रखे बारूद में तेज धमाका हुआ।
pc- khabargaon.com






