UP: कानपुर में दो बाइक में हुई टक्कर, आपसी कहासुनी में पिता पुत्र की हत्या, एक बेटा अस्पताल में भर्ती, बिखर गया एक मिनट में परिवार

इंटरनेट डेस्क। यूपी के कानपुर शहर के नौबस्ता थाना क्षेत्र में रविवार देर रात बाइक टकराने के मामूली विवाद के बाद दो लोगों की हत्या हो गई। वृंदावन गेस्ट हाउस के पास तीन दबंगों ने एक पिता और उनके दो बेटों पर चाकूओं से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे पिता और एक बेटे की मौत हो गई, जबकि दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने एक आरोपी को मौके पर ही पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।

आ रहे थे घर से 
मीडिया रिपोटर्स की माने तो कोयलानगर कांशीराम कॉलोनी के रहने वाले 57 साल के शिवनारायण तिवारी अपने दो बेटों, शिवम और सत्यम के साथ किदवई नगर की एक मार्बल दुकान में काम करते थे। रविवार रात करीब नौ बजे काम खत्म करके तीनों एक ही बाइक से घर लौट रहे थे, तभी नौबस्ता में एक शराब ठेके के सामने उनकी बाइक वहां से निकले तीन युवकों की बाइक से टकरा गई। जिसके बाद पहले तो दोनों पक्षों में मामूली कहासुनी हुई, लेकिन कुछ देर में विवाद बढ़ा तो मारपीट होने लगी। उसके बाद दबंगों ने चाकूओं से जमकर वार करते हुए पिता और दोनों पुत्रों को बुरी तरह घायल कर दिया। 

अस्पताल ले जाते समय मौत
मीडिया रिपोटर्स की माने तो शोर सुनकर जब आसपास के लोग दौड़े, तो हमलावर अपनी मोटरसाइकिलें छोड़कर पैदल ही भागने लगे। भीड़ ने एक आरोपी को दौड़ाकर पकड़ लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने शिवनारायण तिवारी और उनके 25 साल के बेटे शिवम को मृत घोषित कर दिया। दूसरे बेटे सत्यम का इलाज चल रहा है, उसकी पीठ और पेट में चाकू लगा है। नौबस्ता इलाके में रविवार रात बाइक टकराने के मामूली विवाद में पिता-पुत्र की चाकू मारकर हत्या करने वाले मुख्य आरोपी करन वर्मा को पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

pc-etv bharat