Varanasi: महाराष्ट्र से वाराणसी आए, बाप की बीमारी से हुई मौत, रात में दुखी मां-बेटे ने भी जहर खा दे दी जान
- byShiv
- 12 Aug, 2026
इंटरनेट डेस्क। वाराणसी के लक्सा थाना क्षेत्र के वाची होम स्टे में ठहरे मां-बेटे (जया मुखर्जी और ईशान मुखर्जी) ने सोमवार की रात जहर खाकर जान दे दी। पुलिस के मुताबिक एक दिन पहले महिला के पति विशाल मुखर्जी का बीमारी से निधन हो गया था। पति का अंतिम संस्कार भी नहीं किया और दुखी होकर दोनों ने जान दे दी। जानकारी के अनुसार यह परिवार महाराष्ट्र से तीन दिन पहले ही काशी दर्शन-पूजन के लिए आया था।
मिले जहर के पैकिट
मीडिया रिपोटर्स की माने तो होम स्टे से जहर के पैकेट मिले हैं। लक्सा पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने छानबीन की। काशी जोन के एडीसीपी वैभव बांगर और एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान ने होम स्टे के मैनेजर व कर्मियों से पूछताछ की है। महाराष्ट्र के रायगढ़ निवासी विशाल मुखर्जी (55), उनकी पत्नी जया (51) और बेटा ईशान (27) सात अगस्त को काशी आए थे। लक्सा थाना क्षेत्र के वाची होम स्टे में कमरा बुक कराया। तीनों ने पहले दिन काशी दर्शन किए और फिर आकर कमरे में ठहर गए।
दोनों की हुई मौत
एडीसीपी ने बताया कि रविवार की रात अचानक कमरे में विशाल मुखर्जी की तबीयत बिगड़ गई तो होम स्टे के कर्मचारियों और पुलिस की मदद से उन्हें बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों उनके शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवाकर होम स्टे में चले गए। सोमवार की सुबह कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस पहुंची तो दरवाजा किसी तरह खोला गया। पुलिस ने देखा कि मां-बेटे कमरे में बेड पर पड़े थे। दोनों के मुंह से झाग निकला था और उल्टी भी की थी। पुलिस दोनों को मंडलीय अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
pc- hindustan






