Weather Update: राजस्थान में बारिश के साथ ओले गिरने का अलर्ट, जयपुर संभाग के लिए भी चेतावनी जारी

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में आज बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। 15 अक्टूबर को पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बदलाव हो सकता है। मौसम विभाग की माने तो प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में कई जगह मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग जयपुर की माने तो राजस्थान के बीकानेर संभाग और आसपास के इलाकों में मौसम का असर अधिक दिखाई दे सकता है। वहीं, पूर्वी राजस्थान के जयपुर और भरतपुर संभाग के जिलों में भी बादल बरसने के आसार है।

हो सकती हैं ओलावृष्टि भी
मौसम विभाग की माने तो कुछ जिलों में ओलावृष्टि की आशंका भी है। बारिश और ओले गिरने से खेतों में खड़ी फसलों के साथ खुले में रखी कृषि उपज को भी नुकसान पहुंच सकता है। आईएमडी ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और किसानों को फसल सुरक्षा के इंतजाम करने की सलाह दी है।

मौसम विभाग क्या कह रहा
आईएमडी के अनुसार, पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, नागौर, फलोदी और आसपास के क्षेत्रों में 15 अक्टूबर को मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। बीकानेर संभाग में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है, जिलेवार चेतावनी के मुताबिक बीकानेर और हनुमानगढ़ में ओले गिरने के साथ वज्रपात और तेज हवाओं का खतरा है।

pc- amar ujala