Weather Update: राजस्थान में शीतलहर के साथ कड़ाके की ठंड, कई जिलों में छाया घना कोहरा, पारा पहुंचा 1.1 डिग्री

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में सर्दी का सितम जारी है। प्रदेश की राजधानी जयपुर में घना कोहरा छाया हुआ हैं और ठंडी हवाओं के कारण लोगों को घरोें से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। सोमवार को भी प्रदेश में ठंड का असर ज्यादा रहा और शाम को गलन बढ़ गई। इसके साथ ही राज्य के कई हिस्सों में शीतलहर और घना कोहरा छाया रहा, जिससे तापमान में बड़ी गिरावट आई है। सोमवार को हिल स्टेशन माउंट आबू में लगातार तीसरे दिन भयंकर सर्दी रही। इसके अलावा राजस्थान के 7 शहरों में रात का तापमान 5 डिग्री से नीचे आ गया है।

छाया रहा घना कोहरा
शहरों के अलावा ग्रामीण इलाकों में सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी बहुत कम रह गई। इसके कारण वाहनों को सुबह 10 बजे तक लाइटें जलाकर धीमी गति में चलना पड़ा। कड़ाके की ठंड के कारण सीकर और झुंझुनूं में खेतों और खुले मैदानों, वाहनों की छतों पर बर्फ की सफेद चादर बिछी नजर आई। मौसम विभाग ने आगामी 72 घंटों के लिए ट्रिपल अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, 6 से 8 दिसंबर तक शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। इस दौरान शीतलहर और शीतदिन की स्थिति और बिगड़ेगी खासकर सुबह के समय घना कोहरा और शीतलहर की संभावना ज्यादा है।

तापमान में गिरावट जारी
मौसम विभाग रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को राज्य में मौसम शुष्क रहा, लेकिन कई जिलों में शीतलहर चली। तापमान की बात करें तो राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं, सबसे कम तापमान फतेहपुर में 1.1 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने अगले 3 दिन शीतलहर, शीतदिन और घने कोहरे का ट्रिपल अलर्ट जारी किया है। न्यूनतम तापमान की बात करें तो सीकर 2.5,माउंट आबू 2.8, लूणकरणसर 2.8,वनस्थली 4.0 डिग्री, चूरू 4.4 डिग्री, झुंझुनूं 5.0, श्रीगंगानगर 6.0,जयपुर 8.8 डिग्री रहा।

pc- siliguritimes.com