Weather Update: राजस्थान में गर्मी से हालात बेकाबू, फलोदी जिले में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी, जीन जीवन अस्त व्यस्त

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में मौसम का हाल बेहाल हो रहा हैं, लोगों को तेज गर्मी के साथ में लू के थपेड़ों का सामना करना पड़ रहा हैं, स्थिति ऐसी हैं की दोपहर में तो लोगों का घरों से निकल पाना भी मुश्किल हो रहा है। राजस्थान में आज का दिन भी पूरी तरह गर्मी और लू की चपेट में रहेगा। पश्चिमी राजस्थान में भीषण गर्मी का असर देखने को मिल रहा है, जहां तापमान लगातार 45 से 48 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।

कैसा रहेगा आज का मौसम
मौसम विभाग की माने तो तेज धूप और गर्म हवाओं का दौर आज भी जारी रहेगा। ऐसी हालात में आम जीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घरों से बाहर निकलने से बचने और सावधानी बरतने की सलाह दी है। इधर बुधवार को राजस्थान के दौसा जिले में तेज अंधड़ और खराब मौसम के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया। तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर टिन शेड उड़ गए, पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर पड़े और बड़ी संख्या में विद्युत पोल तथा ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए।

रेड अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने फलोदी जिले में ‘अति उष्ण लहर’ और ‘उष्ण रात्रि’ को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। यहां दिन के साथ रात में भी तापमान काफी अधिक बना हुआ है, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही। मौसम विभाग ने की चेतावनी देते हुए लोगों से  गर्मी से बचने के लिए जरूरी कदम उठाने की अपील की है। जोधपुर, बीकानेर और श्रीगंगानगर जिलों में भीषण लू की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। बाड़मेर, जैसलमेर, कोटा, बूंदी, चित्तौड़गढ़ और जालौर सहित कई जिलों में लू को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। पिछले 24 घंटों में बाड़मेर राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 48.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

pc- moneycontrol.com