Weather Update: राजस्थान में आज बदलेगा मौसम, 6 जिलों मे हो सकती हैं बारिश, अक्टूबर में सता रही गर्मी

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में आज एक बार से मौसम बदलने के संकेत हैं, मानसून की विदाई के बाद प्रदेश में मौसम बदलने जा रहा है। राजस्थान में अक्टूबर के महीने में फिलहाल गर्मी का असर बना हुआ है, लेकिन उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में नए परिसंचरण तंत्र के विकसित होने की संभावना से कुछ जिलों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। आईएमडी के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 10 और 11 अक्टूबर को बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर और झुंझुनूं सहित आसपास के जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

क्या बता रहा मौसम विभाग
मौसम विभाग की माने तो प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है। बीते 24 घंटे के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहा और पिलानी में अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में मौसम प्रणाली के प्रभाव से कुछ क्षेत्रों में बादल छाने, गरज-चमक और हल्की बारिश की गतिविधियां हो सकती हैं।

बदलेगा मौसम
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में परिसंचरण तंत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से आज और कल बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर और झुंझुनूं जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। जिला स्तरीय पूर्वानुमान में चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाओं को लेकर विशेष सतर्कता जरूरी है।

pc- ichowk.in