West Bengal: सायोनी घोष का सिर कलम करने वाले को 1 करोड़ रुपये का इनाम, भाजपा नेता की घोषणा, सियासी बवाल...

इंटरनेट डेस्क। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के सिकंदराबाद से भाजपा नेता और नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. प्रदीप दीक्षित के एक बयान पर सियासी बवाल मच गया है। दरअसल, प्रदीप दीक्षित का सार्वजनिक विरोध प्रदर्शन के दौरान तृणमूल कांग्रेस की सांसद सायोनी घोष का सिर कलम करने वाले को 1 करोड़ रुपये का इनाम देने की घोषणा वाला वीडियो वायरल हो रहा है।

सायोनी घोष ने क्या कहा
मीडिया रिपोटर्स की माने तो वीडियो वायरल होने के बाद सायोनी घोष ने खुद सोशल मीडिया पर इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी है और केंद्र सरकार व भाजपा नेतृत्व को कटघरे में खड़ा किया है। सांसद सायोनी घोष ने सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी को टैग करते हुए सवाल उठाया है कि क्या नए भारत में एक महिला सांसद के खिलाफ ऐसा हिंसक फतवा जारी करना ही नारी शक्ति वंदन का असली विचार है?

मुझे डराया जा रहा
खबरों के अनुसार सायोनी घोष ने एक्स पर पोस्ट साझा कर अपने गुस्से और चिंता को व्यक्त करते हुए लिखा, मैं सिकंदराबाद (यूपी) के नगर पालिका अध्यक्ष और भाजपा नेता द्वारा मेरा सिर काटने पर 1 करोड़ रुपये का इनाम देने की सार्वजनिक घोषणा को देखकर स्तब्ध हूं। यह धमकी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और मुख्यधारा की मीडिया में भी इसकी रिपोर्टिंग हुई है। उन्होंने आगे लिखा, जहां एक तरफ भाजपा नेतृत्व ने महिला सुरक्षा और उनके प्रतिनिधित्व को चुनाव का मुख्य मुद्दा बनाया, वहीं अब उनकी ही पार्टी के एक निर्वाचित प्रतिनिधि द्वारा एक महिला सांसद को सरेआम मौत की धमकी दी जा रही है। मैं उत्तर प्रदेश पुलिस, बुलंदशहर पुलिस और कोलकाता पुलिस से इस मामले में तत्काल कानूनी और राजनीतिक कार्रवाई की मांग करती हूं।

pc- hindustan hindi news