Gautam Gambhir: बीसीसीआई हैड कोच गौतम गंभीर से खफा, श्रीलंका दौरा करेगा गौतम गंभीर के भविष्य का फैसला
- byShiv
- 04 Aug, 2026
इंटरनेट डेस्क। भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर के लिए अब समय पहले जैसा नहीं रहा है। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के भीतर गंभीर का वह वर्चस्व और अटूट समर्थन अब कम होने लगा है जो उन्हें एक साल पहले हासिल था। बोर्ड के कुछ अधिकारियों के साथ-साथ ड्रेसिंग रूम के माहौल में भी गंभीर के प्रति नाराजगी के संकेत मिले हैं जिससे उनके कार्यकाल पर दबाव साफ नजर आ रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक बीसीसीआई के कुछ आला अधिकारियों का मानना है कि टीम को मिली हार के बाद मुख्य कोच अक्सर खिलाड़ियों, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस या सपोर्ट स्टाफ पर ठीकरा फोड़ देते हैं जबकि मैनेजमेंट के फैसलों की जिम्मेदारी खुद लेने से बचते नजर आए हैं। कोच के इस रवैये को लेकर ड्रेसिंग रूम के भीतर भी मतभेद की खबरें सामने आई हैं। दावा किया गया है कि कुछ वरिष्ठ खिलाड़ियों ने अनौपचारिक रूप से पूर्व दिग्गजों और बोर्ड सदस्यों के सामने गंभीर की कोचिंग शैली को लेकर अपनी चिंताएं जताई हैं।
बीसीसीआई ने शुरुआत में गंभीर को अपनी पसंद का सपोर्ट स्टाफ चुनने और फैसले लेने की पूरी छूट दी थी लेकिन बोर्ड के कई सदस्यों का मानना है कि वह इस अधिकार का सही इस्तेमाल नहीं कर पाए। दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली हार के बाद भी गंभीर आलोचनाओं से बच गए थे लेकिन बदलाव के दौर को लेकर दिए बयान से उनकी काफी किरकिरी हुई। कार्यकाल की शुरुआत में बदलाव की बात को खारिज करने वाले गंभीर अब हार की वजह ट्रांजिशन को बता रहे हैं जिससे बोर्ड का उन पर से भरोसा डिगा है। ब्रिटेन के निराशाजनक दौरे और टेस्ट फॉर्मेट में टीम के खराब प्रदर्शन के बाद अब आगामी श्रीलंका दौरा गौतम गंभीर के भविष्य का फैसला कर सकता है।
pc- cricinfo.com






