Rajasthan: दिवाली से पहले देवस्थान विभाग के अधीन आने वाले मंदिरों का दीपोत्सव का बजट अटका, गहलोत ने साधा निशाना

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में देवस्थान विभाग के अधीन आने वाले करीब 460 राजकीय मंदिरों में दीपोत्सव का बजट अटकने की खबर है। इस बीच सियासी पारा पूरी तरह चढ़ चुका हैं। कांग्रेस ने पांच दिवसीय दीपोत्सव के लिए प्रति मंदिर मात्र दो लीटर तेल और पचास दीयों के प्रावधान के बावजूद राशि जारी न होने पर सरकार को घेरा है।

वहीं, बीजेपी ने विपक्ष के तमाम आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि त्योहार से पहले सब कुछ ठीक हो जाएगा। वैसे राजस्थान में हर साल देवस्थान बोर्ड के मंदिरों को करीब महीने भर पहले ही 2 लीटर तेल और दीए दे दिए जाते थे, लेकिन इस साल अभी तक बजट भी मंजूर नहीं हुआ है। 

राजस्थान में देवस्थान बोर्ड द्वारा संचालित यानी सरकारी नियंत्रण वाले 462 मंदिरों में दीपोत्सव की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर बजट का पेच फंसने का मामला सामने आया है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए वार करते हुए कहा कि पीएम के जन्मदिन पर 33 लाख दीये जलाने वाली सरकार के राज में मंदिरों के दीपदान का मामूली बजट अटका हुआ है, जिससे विशेष शृंगार, भोग और अन्नकूट की व्यवस्था ठप होने के कगार पर है। उनके मुताबिक सरकार को सिर्फ डेढ़ लाख रुपए की रकम मंजूर करनी है, लेकिन मंदिरों के नाम पर सियासत करने वाली बीजेपी के राज में वह भी नहीं हो पा रहा है।

pc- nationalheraldindia.com