Weather Update: राजस्थान में मानसून अब अंतिम चरणों में, बढ़ने लगा तापमान, मौसम रहेगा शुष्क
- byShiv
- 23 Sep, 2026
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में मानसून अब अंतिम चरणों में पहुंच चुका और विदाई चल रही है। राज्य के अधिकांश हिस्सों से इसकी विदाई का सिलसिला तेजी पकड़ चुका है, मौसम विभाग की माने तो जयपुर के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आगामी 2 से 3 दिनों में प्रदेश के कुछ और हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। जैसलमेर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
यहां हुई बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई। सलूंबर, उदयपुर, बांसवाड़ा और झालावाड़ के कुछ हिस्सों में छिटपुट वर्षा दर्ज की गई, जबकि पश्चिमी राजस्थान के सभी जिलों में मौसम शुष्क बना रहा। आईएमडी के अनुसार पूर्वी राजस्थान के अधिकांश भागों में आगामी 3 से 4 दिन मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि 26 सितंबर से कोटा और भरतपुर संभाग के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। वहीं पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में अगले 6 से 7 दिनों तक मौसम सूखा रहने का अनुमान है।
बढ़ने लगा तापमान
मानसून की वापसी के साथ पश्चिमी राजस्थान में तापमान बढ़ने लगा है। जैसलमेर में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अन्य रेगिस्तानी जिलों में भी गर्मी और उमस का असर महसूस किया जा रहा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि साफ आसमान और तेज धूप के कारण आने वाले दिनों में तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है।
pc- ndtv






