मनमोहन सिंह के निधन पर घोषित किया गया 7 दिन का राजकीय शोक, ये क्या है, क्या इस दिन सरकारी छुट्टी होती है? जानें
- byShiv
- 27 Dec, 2024

PC: indiatv
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का 92 साल की आयु में निधन हो गया है और इसी कारण राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका दिया गया है।भारत सरकार ने आज के लिए निर्धारित सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं और 7 दिनों का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। लेकिन राजकीय शोक क्या है, इसके बारे में बहुत से लोगों को जानकारी नहीं होती है और इसी बारे में हम आपको बताने जा रहे हैं।
क्या होता है राजकीय शोक
देश में जब कोई बड़ा नेता, कलाकार या ऐसा शख्स जिसने जीवन भर राष्ट्र के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए हैं तो उनके लिए राजकीय शोक की घोषणा की जाती है। पहले राजकीय शोक राष्ट्रपति घोषित कर सकता था।राष्ट्रपति केंद्र सरकार की सलाह पर राजकीय शोक घोषित करते थे, लेकिन नियमों में बदलाव के बाद अब यह अधिकार राज्यों के पास भी है। कई बार केंद्र और राज्य सरकारें दोनों अलग अलग राजकीय शोक घोषित करती है।
राजकीय शोक होने पर सरकारी छुट्टी रहती है?
आपको जानकारी के लिए बता दें कि राजकीय शोक जब घोषित हो जाता है तो किसी भी स्कूल या सरकार संस्थान में छुट्टी नहीं रहती। 1997 के नोटिफिकेशन के अनुसार राजकीय शोक के दौरान कोई सरकारी छुट्टी नहीं रहेगी। बता दें कि जब किसी राष्ट्रपति या प्रधानमंत्री की मौत पद पर रहते हुए हो जाए तो छुट्टी की जा सकती है। हालांकि केंद्र या राज्य सरकार चाहें तो छुट्टी का ऐलान कर सकती है।
राजकीय शोक के दौरान क्या होता है?
राजकीय शोक के दौरान विधानसभा, सचिवालय समेत सभी गवर्नमेंट ऑफिसेज में राष्ट्रीय ध्वज को आधा झुका दिया जाता है। इसके अलावा कोई भी औपचारिक या सरकारी कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाता। वहीं मनोरंजन पर भी प्रतिबंध रहता है।
कितने दिन का होता है राजकीय शोक?
राजकीय शोक की कोई लिमिट नहीं है और सरकारें अपने हिसाब से राजकीय शोक का ऐलान करती हैं। उदाहरण के लिए जब पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की मौत हुई तो सात दिन का राजकीय घोषित किया गया था। जबकि पूर्व रक्षा मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की मौत पर केवल 3 दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया।