Asian Games 2023: भारत को 5वें दिन पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल टीम ने दिलाया स्वर्ण, रोशिबिना को मिला रजत


खेल डेस्क। एशियन गेम्स 2023 के 5वें दिन भी भारत को स्वर्ण पदक जीतने में सफलता मिली है। दिन का पहला स्वर्ण पदक पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल टीम ने हासिल किया।  

सरबजोत सिंह, अर्जुन सिंह चीमा, शिवा नरवाल को स्वर्णिम सफलता मिली है। इससे पहले, नाओरेम रोशिबिना देवी ने भारत को रजत पदक दिलाया, ये पांचवें दिन का पहला भारतीय पदक था। भारत अभी एशियाई खेल 2023 में  6 स्वर्ण, 8 रजत और 10 कांस्य सहित कुल 24 पदक जीत चुका है।  

भारत की नाओरेम रोशिबिना देवी को महिला 60 किग्रा वुशु सांडा फाइनल में स्थानीय दावेदार वू शियाओवेई के खिलाफ 0-2 से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि उन्हें इस हार के बाद भी रजत पदक मिला।

रोशिबिना को गत चैंपियन शियाओवेई के खिलाफ जूझना पड़ा और उन्होंने चीन की खिलाड़ी को अच्छी शुरुआत करने का मौका दिया। जजों ने दो दौर के बाद शियाओवेई की जीत घोषित की। भारत को इस बार एशियाई खेलों में बड़ी संख्या में पदकों की उम्मीद है।