Delhi: होटल में लगी आग से 22 लोगों की मौत, पुलिस ने होटल मालिक लवकेश बजाज को किया गिरफ्तार

इंटरनेट डेस्क। दिल्ली के मालवीय नगर में मौजूद हौज रानी इलाके में हुए भीषण होटल अग्निकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 22 लोगों की मौत हो चुकी है। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल भवन के मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया है, हादसे के बाद पुलिस ने पहले लवकेश बजाज और उनकी पत्नी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया था ताकि वो देश छोड़कर फरार न हो सकें।

मालिक को किया गिरफ्तार
मीडिया रिपोटर्स की माने तो पुलिस ने लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया। यह हादसा दक्षिण दिल्ली के हौज रानी क्षेत्र में स्थित फ्लोरिश स्टे बी एंड बी होटल में बुधवार सुबह हुआ था। आग ने कुछ ही देर में पूरी पांच मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। होटल के भीतर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। दमकल और राहत टीमों ने मौके पर पहुंचकर बड़े स्तर पर बचाव अभियान चलाया और दर्जनों लोगों को बाहर निकाला।

पुलिस क्या कह रही
खबरों की माने तो इस मामले में दिल्ली पुलिस ने कहा कि इस अग्निकांड में कुल 49 लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया था, इलाज के दौरान 22 लोगों ने दम तोड़ दिया। इनमें 10 भारतीय नागरिक और 12 विदेशी नागरिक शामिल हैं। वहीं 8 घायलों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि अन्य घायलों का इलाज अभी भी जारी है। 

pc- indianexpress.com