IPL 2024: रोहित शर्मा को हटाकर हार्दिक पंड्या को कप्तान बनाने पर क्या बोले युवराज सिंह?

आईपीएल 2024 शुरू होने वाला है और उससे पहले मुंबई इंडियंस ने बड़ा फैसला लेते हुए अपना कप्तान बदल दिया है. मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा को हटाकर हार्दिक पंड्या को कप्तानी सौंपी है. अब इस मुद्दे पर युवराज सिंह ने अपनी चुप्पी तोड़ी है. उन्होंने मुंबई इंडियंस के इस फैसले पर बड़ी टिप्पणी की है.

आईपीएल 2024 के शुरू होने से पहले मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाकर सभी को चौंका दिया. मुंबई ने रोहित शर्मा की जगह हार्दिक पंड्या को कप्तानी दी, जिन्हें फ्रेंचाइजी ने गुजरात टाइटंस के साथ ट्रेड किया था। हार्दिक पिछले दो सीज़न से गुजरात के कप्तान थे और उन्होंने 2022 में टीम को चैंपियनशिप भी दिलाई थी। अब युवराज सिंह ने मुंबई के इस फैसले पर बड़ी बात कही है.

रोहित शर्मा को मुंबई की कप्तानी से हटाने के फैसले से युवराज सिंह सहमत नहीं दिख रहे हैं. युवराज ने कहा कि वह रोहित शर्मा को एक और सीज़न के लिए कप्तान बनाए रखते।

युवराज सिंह ने कहा- रोहित शर्मा पांच बार के आईपीएल चैंपियन कप्तान हैं, उन्हें हटाने का फैसला चौंकाने वाला था. उन्हें एक और सीज़न के लिए कप्तानी दी जानी चाहिए थी और हार्दिक पंड्या को उप-कप्तानी सौंपी जानी चाहिए थी।

मुंबई ने 2013 में रोहित शर्मा को कप्तान बनाया और कप्तान के रूप में अपने पहले सीज़न में उन्होंने टीम को आईपीएल चैंपियन बनाया। इसके बाद टीम 2015, 2017, 2019 और 2020 में भी चैंपियन बनी.

बतौर कप्तान हार्दिक पंड्या का रिकॉर्ड भी दमदार रहा है. उन्होंने पिछले दो सीज़न में गुजरात की कप्तानी की और दोनों बार टीम को फाइनल तक पहुंचाया। 2022 में टीम चैंपियन बनी, लेकिन 2023 में चेन्नई से हार गई.