Nashik: प्रेम विवाह से नाराज युवती के परिजनों का तांडव, दूल्हे और परिजनों पर डीजल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश, 7 से 8 लोग झुलसे

इंटरनेट डेस्क। महाराष्ट्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां लव मैरिज से नाराज परिजनों ने दामाद और उनके परिजनों को जिंदा जलाने की कोशिश की है। सनसनीखेज मामले में 7 से 8 लोग झुलस गए। मामला नासिक जिले के येवला शहर का बताया जा रहा रहा है। खबरों के अनुसार प्रेम विवाह से नाराज युवती के परिजनों ने रविवार 25 अक्टूबर को एक शादी समारोह में जमकर हंगामा किया।

क्या किया परिजनों ने 
मीडिया रिपोटर्स की माने तो आरोप है कि युवती के रिश्तेदारों ने दूल्हे और उसके परिजनों पर डीजल डालकर उन्हें जिंदा जलाने की कोशिश की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में 7 से 8 लोग घायल हो गए, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है।

पुलिस के अनुसार, येवला निवासी ऋषभ दीपक भगुंडे का नासिक जिले के निफाड़ तालुका के रामपुर नैताले गांव की एक युवती से प्रेम संबंध था। दोनों ने परिवार की नाराजगी के बीच घर से भागकर सितंबर में हिंदू विवाह कानून के तहत विवाह किया था। इसके बाद रविवार को येवला शहर के एक लॉन में दूल्हे के परिजनों की मौजूदगी में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शादी समारोह आयोजित किया गया था। आरोप है कि प्रेम विवाह से नाराज युवती के परिजन डीजल से भरे कैन लेकर समारोह में पहुंचे, उन्होंने दूल्हे और उसके रिश्तेदारों पर डीजल डालकर उन्हें आग के हवाले करने की कोशिश की।

बारातियों के साथ मारपीट
बताया जा रहा है कि शादी समारोह में मौजूद बारातियों के साथ मारपीट भी की गई। दूल्हे के परिजनों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। समारोह में मौजूद लोगों ने पूरी घटना को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही येवला शहर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए संदिग्धों को हिरासत में लिया।

pc- amar ujala