Rahul Gandhi: लोकसभा नेता प्रतिपक्ष ने कहा, पीएम मोदी की छवि पूरी तरह नष्ट हो चुकी है, इसे अब सुधारा नहीं जा सकता

इंटरनेट डेस्क। पेपर लीक और परीक्षा धांधली को लेकर 20 जुलाई को सड़कों पर उतरे छात्र-युवाओं पर हुई कथित पुलिस बर्बरता को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर एक बार फिर निशाना साधा है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग करते हुए दावा किया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि पूरी तरह नष्ट हो चुकी है और इसे अब कभी सुधारा नहीं जा सकता। 

क्या लिखा राहुल गांधी ने
मीडिया रिपोटर्स की माने तो अंग्रेजी समाचार पत्र द हिंदू में लिखे अपने एक लेख में राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर पुलिस और सुरक्षाबलों ने लाठियों, पेलेट गन और आंसू गैस के गोलों से हिंसक हमला किया। राहुल गांधी ने 19 वर्षीय साहिल लोचब का उल्लेख करते हुए दावा किया कि उसके शरीर के ऊपरी हिस्से में छर्रे लगे और एक छर्रा उसकी आंख में लगने से उसकी रोशनी जाने की भी आशंका है। महिलाओं पर भी लाठियां बरसाईं। 

राहुल गांधी ने किया सवाल
राहुल गांधी ने सवाल किया, इस अवैध और असंवैधानिक हिंसा के लिये आदेश किसने दिया था? राहुल गांधी ने कहा कि दिल्ली पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन हैं और यह घटना संसद से करीब 500 मीटर की दूरी पर हुई। उन्होंने लिखा कि मौजूदा सरकार केंद्रीकृत नियंत्रण पर गर्व करती है और ऐसे में इस घटना की जिम्मेदारी गृह मंत्री के स्तर से तय होनी चाहिए। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने आगे कटाक्ष करते हुए कहा कि मंगल मिशन से लेकर ओलंपिक पदक तक का श्रेय लेने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री शाह की अनुमति के बिना इस सरकार में कुछ नहीं होता है। उनके मुताबिक अगर अमित शाह ने कार्रवाई को मंजूरी दी थी तो वह इसके लिए दोषी हैं और अगर उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी तो यह उनकी अक्षमता है।

pc- tribuneindia.com, frontline.thehindu.com,