2 घंटे ही सोते हैं राजस्थान के CM भजनलाल शर्मा! BJP के मंत्री अविनाश गहलोत ने किया दावा, सोशल मीडिया पर मिली ऐसी प्रतिक्रिया

PC: Navbharat times

 राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की दिनचर्या और कार्यशैली को लेकर कई बार चर्चा होती है। लेकिन राजस्थान सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने एक बेहद ही चौकानें वाला दावा किया है। मिनिस्टर ने दावा किया कि मुख्यमंत्री राज्य के विकास और लोगों की भलाई के लिए हर दिन लगभग 20 से 22 घंटे काम कर रहे हैं, जिससे वे मुश्किल से दो घंटे की नींद ले पाते है।। मंत्री ने इसके पीछे का अपना एक आंखों देखा वाकया भी बयान किया है।


गहलोत बोले-रात 2 बजे तक ली बैठक
मीडिया से बात करते हुए, अविनाश गहलोत ने मुख्यमंत्री के व्यस्त रूटीन को समझाने के लिए एक घटना शेयर की। गहलोत ने दावा करते हुए कहा कि 'मैं आपको कल की ही बात बताता हूं। हम सभी लोग रात के 2:00 बजे तक मुख्यमंत्री जी के साथ ही थे। देर रात तक चली इस बैठक में उन्होंने हमारे साथ 'ग्राम व्रत अभियान' को लेकर गहन चर्चा की। गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद सभी लोगों से एक्टिवली फीडबैक मांगा और गवर्नेंस को बेहतर बनाने और राज्य की तरक्की को तेज करने के तरीकों पर चर्चा की।

ये उनका रोजाना का रूटीन है 
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए अविनाश गहलोत ने कहा कि 'यह किसी एक दिन का नहीं, रोज का रूटीन है'।उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि भजन लाल शर्मा लगातार इसी मेहनत वाले काम के तरीके को फॉलो करते हैं और राजस्थान के लोगों की भलाई और भविष्य पर पूरा ध्यान देते हैं। गहलोत ने कहा कि जो व्यक्ति राज्य के 8 करोड़ लोगों के विकास और उनके भविष्य को लेकर चौबीस घंटे चिंतित रहता है, स्वाभाविक है कि वह 20 से 22 घंटे काम करेगा ही। उनके अनुसार, इस कड़ी मेहनत का फ़ायदा जनता को पहले से ही दिख रहा है।


सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
यह बयान ऑनलाइन सामने आने के बाद, यह तेज़ी से राजनीतिक हलकों और सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर चर्चा का विषय बन गया। अविनाश गहलोत की बातों का वीडियो वायरल हो गया है, जिस पर यूज़र्स के मिले-जुले रिएक्शन आ रहे हैं।। कई यूजर उनके समर्थन में अपनी बात रख रहे हैं। वहीं कई लोग उनके बयान को ट्रोल कर रहे हैं। अविनाश गहलोत का बयान सोशल मीडिया पर वायरल है।