Rajasthan: सांसद बेनीवाल ने मुख्यमंत्री और गृृहमंत्री शाह को लिखा पत्र, खुद की सुरक्षा को लेकर की शिकायत...बीमार पुलिसकर्मियों को लगाया....
- byShiv
- 20 Jul, 2026
इंटरनेट डेस्क। लोकसभा सांसद हनुमान बेनीवाल ने अपनी सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों को हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस के कुछ अधिकारियों ने अपनी हठधर्मिता और दुर्भावनापूर्ण कार्यशैली की वजह से जानबूझकर उनकी सुरक्षा में बीमार पुलिसकर्मियों को लगा दिया। एक नहीं तीन तीन सुरक्षाकर्मी गंभीर बीमारियों से ग्रसित थे जिन्हें सांसद की सुरक्षा में तैनात कर दिया।
मीडिया रिपोटर्स की माने तो सांसद हनुमान बेनीवाल ने तीनों सुरक्षाकर्मियों को हटा दिया और मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय गृह मंत्री को पत्र लिखकर शिकायत की है।उन्होंने कहा कि यह केवल उनकी सुरक्षा का मामला नहीं है बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ा पर गंभीर मामला है।
खबरों की माने तो नागौर लोकसभा सीट से सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा कि नागौर जिले में लंबे समय से एसपी नहीं है। बिना एसपी वाले जिले में जिम्मेदार कार्मिकों ने जानबूझकर गंभीर बीमारियों से ग्रसित पुलिसकर्मियों को मेरी सुरक्षा ड्यूटी पर लगाना न केवल मेरी सुरक्षा के साथ गंभीर खिलवाड़ है, बल्कि ऐसा प्रतीत होता है कि किसी संभावित अप्रिय घटना या पुलिसकर्मी के स्वास्थ्य संबंधी संकट की स्थिति में मुझे अनावश्यक रूप से जिम्मेदार ठहराकर मेरी सार्वजनिक छवि एवं प्रतिष्ठा को धूमिल करने का सुनियोजित प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लिखे गए पत्र में सांसद हनुमान बेनीवाल ने पूछा कि कुछ समय पहले राजस्थान पुलिस के इंटेलिजेंस को मेरी सुरक्षा को लेकर बड़े खतरे के इनपुट मिला था। जिसके आधार पर पुलिस एस्कॉर्ट सहित हथियारबंद कमांडो मेरी सुरक्षा में तैनात किए गए थे। कुछ समय बाद बिना सूचना दिए ही सुरक्षा को हटा दिया गया।
pc- etv bharat






