Rajasthan: सांसद हनुमान बेनीवाल ने भजनलाल सरकार को लिया निशाने पर, कहा-सनातन के नाम पर वोट लेकर भाजपा...

इंटरनेट डेस्क। नागौर सासंद हनुमान बेनीवाल ने राजस्थान की भजनलाल सरकार को निशाने पर लिया है। उन्होंने साधु-संतों को लेकर प्रदेश की भजनलाल सरकार पर निशाना साधा है। आरएलपी प्रमुख बेनीवाल ने गुरुवार देर रात एक्स के माध्यम से कहा कि जयपुर जिले की मौजमाबाद तहसील में स्थित भैराणा में श्री दादूपालका भैराणा धाम में आंदोलित संतो द्वारा बोराज में रात्रि चौपाल में राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा को लताड़ना यह दर्शा रहा है कि सनातन के नाम पर वोट लेकर सत्ता हासिल करने वाली भाजपा के शासन में साधु-संतो का कोई सम्मान नहीं है।

मीडिया रिपोटर्स की माने तो बेनीवाल ने कहा कि साधु-संतों द्वारा राजस्थान के डिप्टी सीएम को सार्वजनिक रूप से लताड़ा जाना केवल एक व्यक्ति का मुद्दा नहीं, बल्कि सनातन आस्था और संत समाज के सम्मान से जुड़ा विषय है। भाजपा हर मंच से खुद को सनातन की सबसे बड़ी हितैषी बताती है, लेकिन जब संत समाज अपमानित महसूस करता है तब मुख्यमंत्री, पार्टी के बड़े नेता और मंत्री मौन क्यों हो जाते हैं ? क्या भाजपा के लिए सनातन सिर्फ चुनावी नारा है?

राजनीति से ऊपर उठकर भाजपा को अपनी दोगली नीति पर जवाब देना चाहिए। सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा कि अगर संतों की बात भाजपा सरकार में नहीं सुनी जाएगी, तो फिर ‘सनातन रक्षा’के दावे किसलिए ? संत समाज का अपमान किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। इससे पहले भाजपा के एक विधायक जो खुद संत है,उन्होंने भी इन आंदोलित संतो की भावनाओं को आहत किया था।

pc- bhaskar