Rajasthan: नितिन नवीन की टीम में राजस्थान को खास प्रतिनिधित्व, राजे को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष,पूनिया, सुनील बंसल राष्ट्रीय महामंत्री बने
- byShiv
- 18 Aug, 2026
इंटरनेट डेस्क। भाजपा के अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी नई टीम का ऐलान कर दिया है। इस टीम में राजस्थान के भी कई नेेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई राष्ट्रीय टीम का सोमवार को ऐलान हुआ तो राजस्थान को खासा प्रतिनिधित्व मिला। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राज्यसभा सांसद सतीश पूनिया को राष्ट्रीय महामंत्री बनाए जाने के साथ ही सुनील बंसल को भी राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है।

इन को भी मिली जिम्मेदारी
बता दें कि उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत को भाजपा अनुसूचित जनजाति यानी एसटी मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया तो राजस्थान के सीनियर चार्टर्ड अकाउंटेंट और भाजपा नेता राजेश मंगल को राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। राजस्थान के इन दो चेहरों यानी मन्नालाल रावत और डॉ. राजेश मंगल को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ दूसरे लोगों में भी जिज्ञासा दिखी है।

राजस्थान भाजपा ने दी बधाई
राजस्थान बीजेपी के चीफ मदन राठौड़ ने एक्स पोस्ट में कहा कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं अन्य दायित्वों पर नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। इसके आगे उन्होंने लिखा, राजस्थान से पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, राज्यसभा सांसद डॉ. सतीश पूनिया को राष्ट्रीय महामंत्री एवं लोकसभा सांसद डॉ. मन्नालाल रावत को अनुसूचित जनजाति मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर हार्दिक अभिनंदन। भाजपा के सभी नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों को नवीन दायित्व के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। संगठन में जिम्मेदारी मिलने पर राज्यसभा सांसद सतीश पूनिया ने कहा, हमारे यहां तो काम करने की परंपरा है, कार्यकर्तापन हमारे लिए प्राथमिकता है।
pc- nationalheraldindia.com, indianexpress.com. aaj tak






