Rajasthan: दौसा में चलती ट्रेन में महिला से छेड़छाड़, विरोध करने पर बदमाश ने चेन पुलिंग कर दोस्तों को बुलाया, पथराव और मारपीट में कई घायल

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान के दौसा जिले के बांदीकुई मार्ग में जयपुर-हिसार पैसेंजर ट्रेन में महिला के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। छेड़छाड़ का विरोध करने के बाद जमकर हंगामा होने का मामला भी सामने आया है। यात्रियों का आरोप है कि कुछ बदमाशों ने ट्रेन में सफर कर रही एक महिला के साथ छेड़छाड़ की, जब महिला और उसके साथ यात्रा कर रहे डेली पैसेंजर्स ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि बदमाशों ने बांसखों और झर रेलवे स्टेशन के बीच कई बार ट्रेन की चेन पुलिंग कर दी, जिससे ट्रेन को बीच रास्ते रोकने की कोशिश की गई।

बुला लिया साथियों को
मीडिया रिपोटर्स की माने तो यात्रियों के अनुसार, चेन पुलिंग के बाद आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद ट्रेन पर पथराव किया गया, अचानक हुए पथराव से ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई और यात्री अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान पत्थर लगने से पीड़ित महिला समेत कुछ अन्य यात्रियों को चोटें आई हैं।

गांधीनगर स्टेशन से विवाद शुरू 
मीडिया रिपोटर्स की माने तो बांदीकुई निवासी पीड़िता ने शिकायत में बताया कि वह जयपुर के एक निजी अस्पताल में कार्यरत हैं, और रोजाना ट्रेन से जयपुर आना-जाना करती हैं। 28 जुलाई को वह गांधीनगर रेलवे स्टेशन से हिसार पैसेंजर ट्रेन में बांदीकुई लौट रही थीं। आरोप है कि उसी डिब्बे में सफर कर रहा रोशन लाला मीना नाम का युवक गांधीनगर स्टेशन से ही उसे परेशान कर रहा था। भीड़ का फायदा उठाकर उसने कई बार छेड़छाड़ की। युवती ने जब आरोपी को रोका तो उसने गाली-गलौच शुरू कर दी। इसके बाद युवती ने अपने नियमित सहयात्रियों कृष्ण अवतार शर्मा, विजेंद्र सैनी और राकेश गुर्जर को पूरी बात बताई। तीनों ने आरोपी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि उसने मोबाइल से अपने साथियों को बुला लिया। 

चेन पुलिंग कर रोकी ट्रेन
शिकायत के अनुसार, झर और बांसखो स्टेशन के बीच 10 से 15 लोग ट्रेन के पास पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवाई और ट्रेन पर पथराव किया। इस दौरान कृष्ण अवतार शर्मा के सिर और आंख पर पत्थर लगने से गंभीर चोट आई। विजेंद्र सैनी की आंख पर भी चोट लगी जबकि राकेश गुर्जर के साथ मारपीट कर उनके कपड़े फाड़ दिए गए। युवती ने आरोप लगाया कि बीच-बचाव करने पर उसके साथ भी मारपीट की गई, और उसका पर्स छीन लिया गया। पीड़िता ने दावा किया है कि उसने आरोपी की फोटो और उसके रेलवे पहचान पत्र की तस्वीर अपने मोबाइल में सुरक्षित कर ली है। उसने पुलिस से महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, लोको पायलट के बयान दर्ज करने और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

pc-  ndtv