नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में आग, 9 यात्रियों की जलकर मौत, शव जलकर कंकाल में हुए तब्दील
- byShiv
- 24 Sep, 2026
इंटरनेट डेस्क। यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक बड़ी घटना सामने आई है। यहां एयरपोर्ट इंटरचेंज के पास 35 किमी माइलस्टोन पर डबल डेकर स्लीपर बस आग लग गई और देखते ही देखते बस आग का गोला बन गई। हादसे में बस के अंदर फंसे नौ यात्रियों की जिंदा जलने से मौत हो गई। मृतकों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल बताए जा रहे हैं। आग इतनी विकराल थी कि शव बुरी तरह जलकर कंकाल में तब्दील हो गए। कई शवों के अंग तक अलग हो गए। देर रात से करीब पांच घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद शवों को बस की बॉडी काटकर बाहर निकाला गया।
सीएम योगी ने जताया दुख
मीडिया रिपोटर्स की माने तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुए हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट डालकर लिखा कि एक बस में दुर्भाग्यपूर्ण अग्नि दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान दें।
कैसे हुई दुर्घटना
मीडिया रिपोटर्स की माने तो राज कल्पना ट्रेवल्स की बस दिल्ली से मोहबा जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शी यात्रियों के मुताबिक, एयरपोर्ट इंटरचेंज के पास चालक को बस के इंजन की ओर आग लगने का पता चला। चालक ने बस को ओवरटेकिंग लेन से एक्सप्रेसवे किनारे सोल्डर पर खड़ा किया और आग बुझाने का प्रयास किया। आग तेजी से फैलने पर चालक और परिचालक ने यात्रियों को बाहर निकलने के लिए शोर मचाया। अफरा-तफरी के बीच 20 से अधिक यात्रियों ने बस से कूदकर जान बचाई, लेकिन 9 यात्री अंदर ही फंस गए। आग की विकरालता को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से जेवर टोल और एयरपोर्ट इंटरचेंज पर करीब 30 मिनट तक यातायात रोक दिया गया। इस दौरान दो कारें आपस में टकरा गईं। आग बुझने और रेस्क्यू कार्य पूरा होने के बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात सुचारू कराया गया। आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
pc-






