WB Elections 2026: सीएम योगी की प्रचार के दौरान फिसली जुबान, टीएमसी को मिल गया बैठे बिठाए मुद्दा

इंटरनेट डेस्क। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं और पहले दौर के लिए आज चुनाव प्रचार समाप्त हो जाएगा। इस चुनावी सरगर्मी के बीच एक बार फिर पश्चिम बंगाल में सियासी माहौल गरमा गया है। चुनाव प्रचार के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक रैली को संबोधित कर रहे थे तो उनसे एक चूक हो गई। जिसे अब खासतौर पर टीएमसी ने राजनीतिक मुद्दा बना दिया है। 

क्या बोल गए सीएम योगी आदित्यनाथ
दरअसल, सोशल मीडिया पर योगी आदित्यनाथ का चुनावी रैली को संबोधित करते हुए एक वीडियो टीएमसी सांसदों द्वारा शेयर किया जा रहा है, जिसमें योगी कहते दिख रहे हैं, स्वामी विवेकानंद कहा करते थे तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा। यहां नेता जी सुभाष चंद्र बोस की जगह स्वामी विवेकानंद का नाम लिए जाने पर विपक्ष ने इसका मुद्दा बना दिया।

भाजपा के फायरब्रांड नेता हैं योगी
बता दें कि योगी आदित्यनाथ भाजपा के फायरब्रांड नेता और स्टार प्रचारक हैं। किसी भी राज्य में चुनाव हो योगी को भाजपा प्रचार करने के लिए भेजती ही है। वे इस बार भी बंगाल में भी कई चुनावी रैलियां कर चुके हैं और टीएमसी और ममता बनर्जी को आड़े हाथों लेते रहे हैं। इससे पहले आज ही पश्चिम मेदिनीपुर के पिंगला में एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने बंगाल सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए।

pc- jagran