Weather Update: राजस्थान में आज से बदलेगा मौसम का मिजाज, धौलपुर और करौली में भारी बारिश का येलो अलर्ट
- byShiv
- 20 Aug, 2026
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर करवट ले सकती है। कुछ दिनों से सुस्त पड़ा मानसून फिर से एक्टिव हो सकता है। पिछले कुछ दिनों से बारिश में आई कमी के बीच मौसम विभाग ने 20 अगस्त से पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर और उदयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में 20 अगस्त को बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं धौलपुर और करौली में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में भी हो सकती हैं बारिश
मौसम विभाग की माने तो कई क्षेत्रों में मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। पश्चिमी राजस्थान में मानसून फिलहाल कमजोर रहने की संभावना है। जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश हिस्सों में अगले 4 से 5 दिन मौसम मुख्यतः शुष्क रह सकता है। हालांकि बीकानेर संभाग के उत्तरी हिस्सों और शेखावाटी क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।
क्या कह रहा मौसम विभाग
मौसम विभाग ने 20 अगस्त को अलवर, बारां, भरतपुर, बूंदी, दौसा, डीग, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, खैरथल-तिजारा, कोटा, कोटपूतली-बहरोड़, सवाई माधोपुर, सीकर और टोंक में मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाओं की संभावना जताई है। पश्चिमी राजस्थान में चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में भी इसी तरह का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार 20 से 23 अगस्त के दौरान पूर्वी राजस्थान के भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
pc- navjeevan





