Weather Update: राजस्थान में तेज गर्मी के बीच बदला मौसम, करौली जिले में रात से बारिश का दौर, जयपुर में आज बदल सकता हैं मौसम

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में तेज गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। गुरूवार आधी रात तक जयपुर में लोगों उमस और गर्मी से परेशान होना पड़ा। लेकिन उसके बाद ठंडी हवाओं से मौसम बदल गया है। वैसे मौसम विभाग की माने तो प्रदेश में एक नया विक्षोभ एक्टिव होने जा रहा हैं और उसके कारण ही सुबह से ठंडी हवाएं चल रही है। वहीं एक तरफ पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में भीषण गर्मी का दौर जारी है तो दूसरी ओर पूर्वी राजस्थान में आंधी, बारिश और वज्रपात की गतिविधियां बढ़ने लगी हैं।

मौसम विभाग ने जारी किया अनुमान
मौसम विभाग जयपुर केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले कुछ दिनों तक मौसम में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। बताया जा रहा हैं की जयपुर, अलवर, भरतपुर, दौसा, करौली और धौलपुर समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी राजस्थान में मेघगर्जन, बिजली चमकने और तेज हवाओं की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। कई जिलों में हवा की गति 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

करौली में बदला मौसम
करौली जिले में देर रात करीब 2 बजे से ही आसमान में घने काले बादलों की आवाजाही के साथ झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया। मध्य रात्रि से चलीं तेज और ठंडी हवाओं के बाद तड़के सवेरे से रुक-रुक कर हुई इस मूसलाधार बारिश के कारण कई इलाकों के रास्ते पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं। वहीं राजधानी जयपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि अगले 24 से 48 घंटों में यहां मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। जयपुर में तेज हवाओं, मेघगर्जन और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

pc- aaj tak