Weather Update: राजस्थान के 30 जिलों में आज आंधी बारिश का येलो अलर्ट, तापमान में आई गिरावट, जाने आगे कैसा रहेगा मौसम
- byShiv
- 06 Jun, 2026
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में भी प्री-मानसून की बारिश देखने को मिल रही है। हालांकि इसका असर प्रदेश के कुछ जिलों में है। बाकी जिलों में तेज धूप के साथ गर्मी का दौर जारी है। वहीं कुछ जिलों में बारिश ने राहत दी है। गुरुवार शाम से प्रदेश के कई जिलों में शुरू हुआ बरसात का दौर अगले दिन भी जारी रहा। पिछले 24 घंटों के दौरान सर्वाधिक वर्षा बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ में 75 मिमी दर्ज की गई है। अगले 2 दिन भी मौसम कुछ ऐसा ही रहने वाला है। आज भी प्रदेश के कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग ने आज 30 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।
इन संभागों में अलर्ट
मौसम विभाग की माने तो आज कुछ संभागों में अलर्ट जारी किया गया है। वैसे बीते कुछ दिनों से पारा भी नीचे आ गया है, जिससे लोगों को राहत मिली है। सर्वाधिक तापमान जैसलमेर में 42.1 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि अधिकांश जिलों में तापमान 40 से कम ही रहा। जयपुर में पारा 7.2 डिग्री लुढ़ककर 34 डिग्री पहुंच गया, मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को जयपुर, भरतपुर और कोटा संभागों में कही-कहीं वर्षा होने की संभावना है।
अगले 2-3 दिन आंधी-बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने राज्य के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण आगामी 2-3 दिनों तक प्रदेश के कुछ भागों में आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताई है। इसके बाद पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और मेघगर्जन की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। 8 जून से आंधी-बारिश का दौर थमने वाला है। इसके साथ ही तापमान भी 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है। 8 जून के बाद गर्मी से मिली राहत खत्म होने वाली है और एक बार फिर हिटवेव की चेतावनी है।
pc- tv9






