West Bengal Elections 2026: मालदा हिंसा का मास्टरमाइंड एआईएमआईएम नेता गिरफ्तार, पकड़ा गया एयरपोर्ट से

इंटरनेट डेस्क। पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक में हुई हालिया हिंसा और तनाव के मामले में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। जानकारी के अनुसार बंगाल पुलिस ने इस पूरे घटनाक्रम के मास्टरमाइंड माने जा रहे अधिवक्ता और एआईएमआईएम  नेता मोफक्करुल इस्लाम को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी उस समय हुई जब इस्लाम बागडोगरा एयरपोर्ट से राज्य छोड़कर भागने की कोशिश में था।

मीडिया रिपोटर्स की माने तो पुलिस सूत्रों के अनुसार, मोफक्करुल इस्लाम के खिलाफ पुख्ता सबूत मिलने के बाद से ही उसकी तलाश जारी थी। खुफिया जानकारी मिली थी कि वह गिरफ्तारी से बचने के लिए सिलीगुड़ी के पास बागडोगरा हवाई अड्डे से उड़ान भरने वाला है। इस्लाम पेशे से वकील है, जिसे कानून की अच्छी समझ है, फिर भी वह पुलिस की नजरों से बच नहीं सका। मोफक्करुल इस्लाम का राजनीतिक प्रोफाइल काफी सक्रिय रहा है। वह असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी का एक प्रमुख चेहरा है।

जांच में सामने आया है कि पिछले दिनों सुजापुर और कालियाचक के आसपास हुए विरोध प्रदर्शनों का नेतृत्व भी इस्लाम ही कर रहा था। हाल ही में सामने आए एक वीडियो में इस्लाम बेहद आक्रामक तेवर में जिले के आला अधिकारियों को ललकारता नजर आ रहा है। वीडियो में उसे कैमरे के सामने चिल्लाते हुए सुना जा सकता है, ओए डीएम , एसपी .. सीआईडी कहां हो? आईबी कहां है? तुम सब कहां हो? यहां आओ...प्रशासन के खिलाफ इस तरह की बयानबाजी और भीड़ को उकसाने के बाद से ही वह पुलिस के राडार पर था।

pc- aaj tak