Congress: राहुल गांधी विदेश से लौटते ही दिखे एक्शन में, पंजाब को लेकर खरगे संग की बैठक, प्रभारी भूपेश बघेल को बुलाया दिल्ली
- byShiv
- 16 Jul, 2026
इंटरनेट डेस्क। कांग्रेस नेता राहुल गांधी विदेश से लौट चुके हैं और आते ही वो एक्शन में नजर आ रहे है। उन्होंने तुरंत विदेश से लौटते ही पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ एक अहम बैठक की। समझा जाता है कि इस बैठक में अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले पंजाब कांग्रेस में जारी नेतृत्व के संकट पर गंभीर चर्चा हुई। सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी और खरगे ने पंजाब के पार्टी प्रभारी भूपेश बघेल को दिल्ली तलब किया है। वह आज आलाकमान से मुलाकात करेंगे।
खरगे के आवास पर हुई बड़ी बैठक
मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर हुई इस बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल भी मौजूद थे। सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी पंजाब के नेताओं की राय सुनने के लिए तैयार हैं। राज्य यूनिट के भीतर जारी बगावत को जल्द से जल्द शांत करना चाहते हैं। पार्टी नेतृत्व इस बात को लेकर चिंतित है कि कांग्रेस राज्य यूनिट में जारी गुटबाजी और आपसी कलह के बीच विधानसभा चुनावों में नहीं उतर सकती।
पंजाब कांग्रेस में कैसे बढ़ा विवाद
दरअसल, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद पर बनाए रखने के आलाकमान के फैसले से राज्य इकाई में असंतोष भड़क गया है। पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा सहित कई वरिष्ठ नेता इस फैसले का खुलकर विरोध कर रहे हैं। पंजाब विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रताप सिंह बाजवा और कुछ अन्य वरिष्ठ नेता भी राजा वड़िंग को प्रदेश अध्यक्ष बनाए रखने के खिलाफ हैं।
pc- thehindu.com





