Congress: संसद के 4 दिन के सत्र में नहीं होगा प्रश्नकाल, शून्यकाल, गौरव गोगोई ने पूछा क्या संसद मोदी और शाह की हैं ?
- byShiv
- 28 Nov, 2026
इंटरनेट डेस्क। केंद्र सरकार द्वारा लोकसभा और राज्यसभा के 4 दिन के लिए बुलाए जा रहे विशेष सत्र पर कांग्रेस ने निशाना साधा है। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने शुक्रवार को केंद्र सरकार से सवाल किया कि संसद का चार दिवसीय सत्र बिना प्रश्नकाल, शून्यकाल के लिए क्यों बुलाया जा रहा है। उन्होंने पूछा कि क्या संसद सरकार की है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में गौरव गोगोई ने सरकार के फैसले की आलोचना की। उन्होंने बताया कि लोकसभा सचिवालय ने एक बुलेटिन जारी कर घोषणा की है कि सदन 30 नवंबर को फिर से बैठेगा लेकिन चार दिनों की इस बैठक में न तो प्रश्नकाल होगा, न शून्यकाल और न ही निजी सदस्यों का कामकाज।
गौरव गोगोई ने सवाल किया, क्या संसद पीएम मोदी और अमित शाह की है? उन्होंने संसद की इन महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं के न होने पर सवाल उठाए। उन्होंने इस फैसले के समय पर भी ध्यान दिलाया। उन्होंने बताया कि यह बुलेटिन 26 नवंबर को जारी किया गया, जिस दिन देश ने भारतीय संविधान के निर्माता डॉ. बी.आर. अंबेडकर के सम्मान में संविधान दिवस मनाया। उन्होंने कहा, जब पूरा देश डॉ. बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर को श्रद्धांजलि दे रहा था, तब लोकसभा ने 4 दिनों के छोटे संसद सत्र के लिए एक बुलेटिन जारी किया, जिसमें न तो कोई प्रश्नकाल है, न शून्यकाल और न ही सदस्यों का कोई निजी विधेयक।
pc- aaj tak




