Delhi Elections 2025: भाजपा विधायक दल की बैठक आज, दिल्ली के नए मुुख्यमंत्री के नाम का होगा ऐलान
- byShiv
- 19 Feb, 2025

इंटरनेट डेस्क। दिल्ली का मुख्यमंत्री कौन बनेगा? इस पर आज पर्दा हट जाएगा। आज दिल्ली में भाजपा विधायक दल की बैठक होने जा रही हैं और इसके साथ ही घोषणा हो जाएगी की दिल्ली की कमान किसके हाथों में होगी। भारतीय जनता पार्टी आज दिल्ली के मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगाने वाली है। बीजेपी विधायक दल की बैठक में नए सीएम का नाम तय हो जाएगा। नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण कल रामलीला मैदान में होगा।
20 फरवरी को होगा शपथ ग्रहण समारोह
दिल्ली के नए मुख्यमंत्री अपने मंत्रिपरिषद के साथ 20 फरवरी को रामलीला मैदान में शपथ लेंगे। यह समारोह शाम करीब 4.30 बजे होने की उम्मीद है और इसमें भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों सहित भाजपा के शीर्ष नेताओं के शामिल होने की संभावना है। कहा तो यह भी जा रहा हैं की इस समारोह में बॉलीवुड के कई अभिनेता और देश के जाने माने व्यापारी भी शामिल होंगे।
रामलीला मैदान में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह के दिन रामलीला मैदान और उसके आसपास 5,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने आगे बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा दिन के दौरान यातायात प्रबंधन के लिए अर्धसैनिक बलों की 10 से अधिक कंपनियां भी तैनात की जाएंगी। चुनावों में जीत हासिल करने के बाद सीएम पद का नाम तय करने में अब बीजेपी वक्त लेती है। 2014 में देवेंद्र फडणवीस, 2017 में योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश में मोहन यादव, राजस्थान में भजनलाल शर्मा के नाम का ऐलान इसका उदाहरण है।
pc- the hindu