Goldy Brar: एफबीआई की 10 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की लिस्ट में शामिल हुआ गोल्डी बराड़, 9 करोड़ का रखा इनाम
- byShiv
- 29 Sep, 2026
इंटरनेट डेस्क। गैंगस्टर गोल्डी बराड़ को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। अमेरिका की जांच एजेंसी एफबीआई ने गैंगस्टर गोल्डी बराड़ को अपनी 10 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की लिस्ट में शामिल किया है। उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने पर 10 लाख डॉलर यानी करीब 9 करोड़ रुपये का इनाम रखा गया है। गोल्डी बराड़ पर हत्या की साजिश, फिरौती वसूलने और नशीले पदार्थों की तस्करी जैसे गंभीर आरोप हैं।
क्या कहा एफबीआई ने
मीडिया रिपोटर्स की माने तो एफबीआई के मुताबिक, सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ अमेरिका में बैठकर लॉरेंस बिश्नोई के सिंडिकेट का कामकाज संभालता है। यह गैंग अमेरिका, कनाडा और भारत समेत कई देशों में हत्या, रंगदारी, फिरौती और ड्रग्स के अवैध कारोबार जैसी वारदातों को अंजाम देता रहा है। एफबीआई ने 28 सितंबर को गोल्डी बराड़ को अपनी टॉप-10 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में शामिल किया, इस सूची में जगह पाने वाला वह 543वां भगोड़ा है। फिलहाल गोल्डी बराड़ फरार है, उसकी तलाश के लिए अमेरिकी एजेंसियां जुटी हुई हैं।
अमेरिका की अदालत में दर्ज है केस
गोल्डी बराड़ के खिलाफ लॉस एंजिल्स की फेडरल कोर्ट में केस दर्ज है, उस पर गैंग बनाकर साजिश रचने, फिरौती के लिए कारोबार में दखल देने और ड्रग्स की तस्करी जैसे गंभीर आरोप हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने उसके खिलाफ पिछले साल 1 जुलाई को गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया था। अमेरिकी जांच एजेंसियों का कहना है कि गोल्डी बराड़ ही लॉरेंस बिश्नोई गैंग के जरिए उत्तरी अमेरिका में आपराधिक नेटवर्क संभालता है।
pc- jagran




