Karnataka: फिर से सीएम बदलने की चर्चा, सिद्धारमैया को आज आलाकमान ने बुलाया दिल्ली, शिवकुमार भी....
- byShiv
- 26 May, 2026
इंटरनेट डेस्क। कर्नाटक कांग्रेस के भीतर नेतृत्व को लेकर चल रही खींचतान एक बार फिर से सामने आ गई है। यह बात जगजाहिर है कि पिछले नवंबर में नेतृत्व में बदलाव को लेकर लगाई जा रही अटकलों ने राज्य में राजनीतिक अनिश्चितता पैदा कर दी थी। उस समय कांग्रेस आलाकमान ने ब्रेकफास्ट मीटिंग की एक श्रृंखला के जरिए इस संकट को कुछ समय के लिए टाल दिया था। हालांकि अब स्थिति फिर से वहीं पहुंच गई है जहां से शुरू हुई थी।
आलाकमान ने बुलाया दिल्ली
मीडिया रिपोटर्स की माने तो राजनीतिक अनिश्चितता के बीच इसी को लेकर कांग्रेस आलाकमान के निर्देश पर राष्ट्रीय राजधानी जाने के लिए सिद्धारमैया अपने वफादार साथियों के साथ दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन और मंत्रिमंडल में फेरबदल की चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने सोमवार को कहा कि उन्हें कांग्रेस आलाकमान ने 26 मई को दिल्ली में बैठक के लिए आमंत्रित किया है। हालांकि सिद्धारमैया ने कहा कि उन्हें बैठक के एजेंडे के बारे में कोई जानकारी नहीं है
सिद्धारमैया ने कहा कि रविवार रात केसी वेणुगोपाल ने मुझे फोन करके बैठक की तारीख और समय के बारे में बताया। आलाकमान के साथ उनकी मुलाकात को लेकर लगाई जा रही अटकलों के बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ये अटकलें तो हमेशा रहती हैं। कर्नाटक में 20 मई को कांग्रेस सरकार के तीन साल पूरे होने के बाद से नेतृत्व परिवर्तन और मंत्रिमंडल में फेरबदल को लेकर अटकलें जारी हैं। इस बीच उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने पत्रकारों से कहा कि अगर मुझे बुलाया जाता है, तो मैं जाऊंगा। शिवकुमार के समर्थक 2023 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत के बाद मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के साथ ढाई-ढाई साल के लिए मुख्यमंत्री बनने को लेकर हुए कथित समझौते के तहत शिवकुमार की पदोन्नति पर जोर दे रहे हैं।
pc- jansatta





