Rajasthan: अब सीएम भजनलाल ने महिलाओं के हित में कर दी हैं ये बड़ी घोषणाएं
- byhanumnan
- 13 Mar, 2025

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक बार फिर से प्रदेश की महिलाओं को बड़ी सौगातें दी है। सीएम भजनलाल ने अब बुधवार को विधानसभा में बजट 2025-2026 वित्त एवं विनियोग विधेयक चर्चा पर महिलाओं से सम्बंधित महत्वपूर्ण एवं नवीन घोषणाएं की। सीएम भजनलाल ने अब प्रदेश में अति गम्भीर कुपोषित बच्चों की समस्या के निदान के लिए आंगनबाड़ी केन्द्रों में ऐसे बच्चों को दिए जाने वाले पोषण में दूध की मात्रा 15 ग्राम से बढ़ाकर 25 ग्राम प्रति पैकेट किए जाने की घोषणा की।
सीएम भजनलाल ने विधानसभा में महिला सशक्तिकरण की महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए कहा कि महिलाओं को सम्बल देकर प्रत्येक क्षेत्र में प्रोत्साहित करने की दृष्टि से लखपति दीदी के लिए मात्र 1.5 प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण की व्यवस्था एवं लाडो प्रोत्साहन योजना के अन्तर्गत उपलब्ध कराए जा रहे एक लाख रुपए के सेविंग बॉण्ड की राशि को बढ़ाकर 1 लाख 50 हजार रुपए करने जैसे विभिन्न कदम उठाए गए हैं।
प्रत्येक ब्लॉक पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली 10 महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा
इसी क्रम में सीएम ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं को सक्षम बनाने की प्रेरणा देने के उद्देश्य से उत्कृष्ट कार्य कर रही लखपति दीदी, ड्रोन दीदी, सोलर दीदी, बैंक सखी, कृषि सखी एवं पशु सखी का सम्मान किया जाना प्रस्तावित है। इस हेतु प्रत्येक ब्लॉक पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली 10 महिलाओं को सम्मानित करने के साथ ही, उनकी कार्यकुशलता में वृद्धि हेतु टेबलेट उपलब्ध करवाए जाने की भी मुख्यमंत्री ने घोषणा की। राजस्थान की भजनलाल सरकार की ओर से बजट में भी कई बड़ी घोषणाएं की गई थी।
PC: dipr.rajasthan