Rajasthan: राजस्थान निकाय चुनावों के परिणाम आज, जाने भाजपा-कांग्रेस में कौन मारेगा बाजी, जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों के आएंगे परिणाम....

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में 309 नगर निकायों में सदस्य पदों के लिए हुए चुनाव की मतगणना आज सुबह से ही जारी है। मतगणना से इन निकायों में चुनावी भाग्य आजमा रहे 38 हजार 889 उम्मीदवारों की हार-जीत का फैसला होगा। राज्य के 10 नगर निगमों, 47 नगर परिषद एवं 252 नगरपालिकाओं के लिए इस बार दो चरणों में गत 9 और 11 सितंबर को वोट डाले गए थे। दोनों चरणों में 10 हजार 167 वार्डों के लिए मतदान हुआ, जबकि 77 वार्डों में सदस्यों का चुनाव निर्विरोध हो गया। 

दो चरणों में हुआ था मतदान
पहले चरण में 9 सितंबर को 162 नगर निकायों में सदस्य पदों के लिए चुनाव हुआ, जिसमें 4 नगर निगम, 27 नगरपरिषद एवं 131 नगरपालिका शामिल थी और इनमें 73 नवगठित नगरीय निकाय हैं। पहले चरण में इन निकायों में 76.42 प्रतिशत मतदान हुआ। दूसरे चरण में 11 सितंबर को 6 नगर निगम, 20 नगरपरिषद एवं 121 नगरपालिकाओं सहित 147 नगरीय निकायों में चुनाव हुआ जिनमें 40 नवगठित नगरीय निकाय शामिल हैं। दूसरे चरण में 71.69 प्रतिशत मतदान रहा।

गिनती जारी
इसके साथ ही जयपुर नगर निगम चुनाव के नतीजों का इंतजार भी थोड़ी देर में खत्म होने वाला है। सुबह 8 बजे से 150 वार्डों पर पड़े वोटों की गिनती जारी है। मतगणना को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। जयपुर में इस बार मुकाबला काफी दिलचस्प माना जा रहा है। बीजेपी और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर के साथ कई वार्डों में निर्दलीय और बागी उम्मीदवारों ने भी मुकाबले को पेचीदा बना दिया है। ऐसे में आज आने वाले नतीजे जयपुर की अगली नगर सरकार की तस्वीर तय करेंगे।

21 सितंबर को होगा मेयर का चुनाव
जयपुर नगर निगम में मेयर का चुनाव 21 सितंबर 2026 को होगा। इसके अगले दिन 22 सितंबर को उप-महापौर का चुनाव कराया जाएगा। यानी आज 14 सितंबर को पार्षदों के नतीजे आने के बाद जयपुर में मेयर की कुर्सी को लेकर सियासी हलचल तेज होगी।

pc- danik bhaskar