Rajasthan: जयपुर में पानी की टंकी पर चढ़े NSUI के 3 छात्र, छात्रसंघ चुनाव कराने और अमित शाह के इस्तीफे की कर रहे मांग
- byShiv
- 30 Jul, 2026
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग ने एक बार फिर से जोर पकड़ लिया है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को जयपुर में कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान राजस्थान विश्वविद्यालय से जुड़े एनएसयूआई के 3 छात्र नेता टोंक फाटक स्थित एक पानी की टंकी पर चढ़ गए। उन्होंने पोस्टर लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से इस्तीफे की मांग की।
मीडिया रिपोटर्स की माने तो टंकी पर चढ़ने वालों में एनएसयूआई प्रभारी विजयपाल कुड़ी, छात्र नेत्री वियोना जाट और छात्र नेता कोशेन खान शामिल हैं। उनका कहना है कि दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज लोकतंत्र और छात्र अधिकारों पर हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है।
छात्र संघ चुनाव कराने की मांग
प्रदर्शन के दौरान छात्र नेताओं ने राजस्थान में पिछले 4 वर्षों से छात्रसंघ चुनाव नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि छात्रसंघ चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अहम हिस्सा है, लेकिन लंबे समय से चुनाव नहीं होने के कारण छात्रों को अपने प्रतिनिधि चुनने का अवसर नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने राज्य सरकार से जल्द चुनाव कराने की घोषणा की मांग की। छात्र नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि छात्रसंघ चुनाव बहाल नहीं किए गए तो वे टंकी से नीचे नहीं उतरेंगे, उन्होंने यह भी कहा कि मांगों की अनदेखी होने पर वे आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर हो सकते हैं।
pc- ndtv





