Rajasthan: विधानसभा में हंगामा, जूली ने कहा भाजपा विधायक ने गलत व्यवहार किया, कार्रवाई होने तक नहीं चलेगा सदन

इंटरेनट डेस्क। राजस्थान विधानसभा में मंगलवार को हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। इसकी शुरुआत भाजपा विधायक बालमुकुंद आचार्य के सवाल से हुई। उन्होंने विधानसभा में पूछा कि क्या भजनलाल सरकार गाय को राज्य माता का दर्जा देने पर कोई विचार कर रही है? इसके जवाब में मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। इसके बाद विपक्ष हमलावर हो गया।

इसके बाद नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने हिंगोनिया गौशाला का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जयपुर में बछड़े का कटा सिर लटकाया गया और सत्ता पक्ष का एक विधायक आरोपी को बचा रहा है। कार्यवाही स्थगित होने के बाद भाजपा विधायक गोपाल शर्मा सदन की मर्यादा भूलकर सीधे विपक्ष की बेंचों की तरफ जा पहुंचे। 

खबरों की माने तो जूली ने आरोप लगाया कि भाजपा के लिए गौ माता केवल वोट लेने का जरिया बन गई है। वहीं, विधानसभा में हुए घटनाक्रम पर जूली ने कहा कि भाजपा के कुछ विधायक उनकी ओर आक्रामक ढंग से बढ़े और स्पीकर के टोकने के बाद भी नहीं रुके। उन्होंने इसे अनुचित आचरण बताया और कहा कि इस मामले में स्पीकर को लिखित शिकायत दी जाएगी। जूली ने कहा कि उन्होंने स्पीकर से वीडियो रिकॉर्डिंग देखने का आग्रह किया है और जिस सदस्य ने अनुचित व्यवहार किया है उसके खिलाफ कार्रवाई होने के बाद ही सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चल सकेगी।

pc- etvbharat.com