Rajasthan: हनुमानगढ़ में एथेनॉल फैक्ट्री हटाने की मांग को लेकर किसानों और पुलिस में हिंसक झड़प, 16 गाड़िया फूंकी, कई घायल

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में बुधवार को एथेनॉल फैक्ट्री हटाने की मांग को लेकर किसान और पुलिस के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस बवाल के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे, जिसके बाद हिंसा और फैल गई। इस दौरान कई लोग घायल हो गए और 16 गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। बताया जा रहा हैं कि किसान एथेनॉल फैक्ट्री के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे थे,. उनका कहना है कि फैक्ट्री से क्षेत्र में प्रदूषण फैलेगा।

घायल हुए कई लोग
विरोध प्रदर्शन के दौरान किसानों और पुलिस के बीच झड़प में कई लोग घायल हो गए हैं। घायलों में डीएसपी करण सिंह बराड़ समेत करीब एक दर्जन पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। बुधवार को हनुमानगढ़ के टिब्बी तहसील के राठीखेड़ा गांव में एथेनॉल फैक्ट्री का विरोध कर रहे ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प के बाद आगजनी हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने 16 गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। कांग्रेस विधायक अभिमन्यु पूनिया को भी मामूली चोट लगने की खबर है। फिलहाल मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। 

इंटरनेट बंद
क्षेत्र में इंटरनेट सेवा रोक दी गई हैं और स्कूलों, कॉलेजों में अवकाश घोषित किया गया है। हनुमानगढ़ के टिब्बी में एथेनॉल फैक्ट्री का किसान व स्थानीय लोग काफी समय से विरोध कर रहे हैं। 15 दिन पहले फैक्ट्री के निर्माण के खिलाफ किसानों ने फैक्ट्री परिसर में धरना भी दिया था। मीडिया रिपाटर्स की माने तो किसानों की महापंचायत को देखते हुए जिला प्रशासन ने भी तैयारी कर रखी थी। मौके पर करीब आधा दर्जन थानों के प्रभारी समेत 700 पुलिसकर्मी और चार मजिस्ट्रेट तैनात थे।

pc- patrika