Video Viral: दिल्ली के सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत, कई घायल, हादसे का वीडियो हो रहा वायरल

इंटरनेट डेस्क। दिल्ली के सत्य निकेतन में हुए बिल्डिंग हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर  6 हो गई है। अब तक इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो चुकी है। इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बिल्डिंग गिरने के बाद धूल का गुबार उठता दिख रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक, अब तक 11 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। जिन लोगों के फंसे होने की आशंका है, उन्हें खोजने की कोशिशें जारी हैं।

1990 के दशक में बनी थी
दिल्ली नगर निगम के अनुसार, गिरी हुई इमारत की पहचान पी-14, सत्य निकेतन के तौर पर की गई है। यह एक पुनर्वास कॉलोनी का हिस्सा है और इसका क्षेत्रफल लगभग 55 वर्ग गज है। इस प्रॉपर्टी में बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और चौथी मंज़िल तक के फ्लोर हैं। बताया जाता है कि यह इमारत 1990 के दशक में बनी थी। एमसीडी का कहना है कि इस प्रॉपर्टी की बुकिंग या सीलिंग का कोई रिकॉर्ड मौजूद नहीं है। साथ ही, यह भी बताया गया है कि प्रॉपर्टी पर किए गए किसी भी काम के बारे में कोई शिकायत नहीं मिली थी।

कार्रवाई के आदेश
मीडिया रिपोटर्स की माने तो घटना को लेकर बीती शाम ही दिल्ली के मेयर प्रवेश वाही का बयान सामने आया था। मेयर ने कहा था, सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे के दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। चार मंजिल से अधिक वाले सभी अवैध निर्माणों को तत्काल सील किया जाएगा और दोषी अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल बर्खास्त किया जाएगा। ये आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किए जाएंगे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही, भवन मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।

pc- indiatv.in