Weather update: राजस्थान में ठंडी हवाओं ने बढ़ाई सर्दी, शीतलहर का अलर्ट किया गया जारी, पारा गिरा

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में मौसम एक बार फिर बदल रहा है। तीन दिन पहले एक्टिव हुए पश्चिमी विक्षोभ के शांत होने के बाद मौसम शुष्क हो गया। लेकिन इस विक्षोभ की वजह से सर्दी बढ़ गई है। दो दिन से ठिठुरन बढ़ गई है, आज सुबह भी एक बार फिर से लोगों को ठंड का अहसास हुआ। अब उत्तरी क्षेत्रों से ठंडी हवाएं चल रही है जिसकी वजह से प्रदेश में सर्द हवाओं का आगमन हो रहा है। ऐसे में प्रदेश में एक बार फिर ठिठुरन बढ़ गई है। 

न्यूनतम तापमान गिरा
मौसम विभाग की माने तो बुधवार को एक ही दिन में 5 डिग्री सेल्सियस तक तापमान में गिरावट आई हैं। मंगलवार को जयपुर का न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस था जो कि बुधवार को गिरकर 11.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। शीतलहर के चलते तापमान में तेजी से गिरावट आई है। हालांकि दिन के तापमान में 0.5 डिग्री सेल्सियस की मामूली बढ़ोतरी हुई। बुधवार को जयपुर का अधिकतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

4 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी
मौसम केंद्र जयपुर की ओर से जारी बुलेटिन में प्रदेश के चार शहरों में आज गुरुवार को शीतलहर चलने की संभावना है। शेखावाटी के सीकर, चूरू और झुंझुनूं के साथ नागौर में शीतलहर चलने से पारा डाउन होना तय है। साथ ही प्रदेश के अन्य शहरों का मौसम भी सर्द बना रहेगा। 

pc- jansatta